The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • iran opens strait of hormuz for five countries india in the list

ईरान ने भारत के लिए खोल दिया होर्मुज का रास्ता, अब नहीं होगी तेल और गैस की कमी!

Strait Of Hormuz: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भारतीय जहाजों को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से गुजरने की मंजूरी दे दी है. उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका, इज़रायल और खाड़ी देशों के जहाजों को जानबूझकर रोका गया है.

Advertisement
pic
26 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 10:59 AM IST)
iran opens strait of hormuz for india
अब्बास अराघची ने कहा भारत के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज खुला है. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच भारत के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भारतीय जहाजों को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से गुजरने की मंजूरी दे दी है. उन्होंने कहा है कि जंग में स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज पूरी तरह बंद नहीं है. भारत के अलावा ये तेल मार्ग चीन, पाकिस्तान, इराक़ और रूस के लिए भी खुला है. 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरानी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने ये बात कही. उन्होंने बताया, 

‘कई जहाज मालिकों या उन देशों ने हमसे संपर्क किया कि जहाज को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से सेफ पैसेज दिया जाए. हमने उन देशों के जहाज को पैसेज की मंजूरी दी, जिन्हें हम अपना दोस्त मानते हैं. ये सुनिश्चित किया कि उनके जहाज यहां से सुरक्षित रूप से पास कर दिए जाएं.’

अब्बास अराघची ने आगे कहा, 

‘चीन, रूस, पाकिस्तान, इराक़ और भारत के जहाज को सेफ पैसेज मिला है. भारत के दो जहाज तो कुछ दिन पहले ही रवाना हुए हैं. इन देशों ने हमसे बात की और कोऑर्डिनेट किया. उम्मीद है आगे भी ऐसा हो, जंग ख़त्म होने के बाद भी.’

किन देशों के जहाज नहीं गुज़रेंगे?

इस बातचीत में अब्बास अराघची ने ये भी बताया कि अमेरिका, इजरायल और खाड़ी देशों के जहाजों को जानबूझकर रोका गया है. उन्होंने कहा कि जब तक जंग चलेगी तब तक इनके जहाजों को ग्रीन सिग्नल नहीं दिया जाएगा. उन्होंने सख़्त लहजे में कहा,

‘हम इस वक़्त जंग में हैं. इस वक़्त ये पूरा इलाका जंग का मैदान बना हुआ है. ऐसे में हम दुश्मन देश या उसका साथ देने वाले देश के जहाजों को कैसे जाने दे सकते हैं? हां मगर ये रास्ता बाकी देशों के लिए खुला रहेगा.’ 

अपने इंटरव्यू में उन्होंने ईरान के रुख को भी साफ़ किया. बताया कि जब होर्मुज बंद होने की खबर आई तो दुनिया को यक़ीन नहीं हुआ कि ईरान ऐसा भी कर सकता है. लेकिन ईरान ने ये साबित कर दिया कि जब राष्ट्र की सुरक्षा पर बात आए तो कुछ भी किया जा सकता है. 

ये भी पढ़ें: 'अमेरिका से सीधी बातचीत नहीं... ', अब्बास अराघची ने US पीस प्लान पर ईरान का रुख साफ कर दिया

स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से दुनियाभर का 20 % तेल ट्रांसपोर्ट होता है. भारत का तेल भी इसी रास्ते से होकर गुज़रता है. सप्लाई रुकने की वजह से तेल और गैस के दाम बढ़ गए थे. लेकिन अब सप्लाई का फिर से शुरू होना भारत के लिए अच्छी खबर है. 

वीडियो: ईरान के खार्ग आइलैंड पर हज़ारों अमेरिकी सैनिक भेजे जा रहे, ट्रंप का प्लान क्या?

Advertisement

Advertisement

()