ईराक-सीरिया पार कर तुर्किये में घुसी ईरान की मिसाइल, नाटो ने हवा में ही मार गिराया
Iran vs Israel: Turkey के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात NATO की एयर और मिसाइल डिफेंस यूनिट्स ने ईरान से दागी गई इराक और सीरिया के हवाई क्षेत्र से गुजर रही एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया.

ईरान युद्ध में अब तुर्किये की भी एंट्री हो गई है. बुधवार, 4 मार्च को तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने का दावा किया है. बताया गया कि कोई भी नुकसान पहुंचाने से पहले ही NATO के एयर डिफेंस सिस्टम ने तुर्किये के एयर स्पेस में बढ़ रही इस मिसाइल को निष्क्रिय कर दिया. ईरान की ये मिसाइल ईराक और सीरिया के एयर स्पेस से होते हुए तुर्किये की ओर बढ़ रही थी.
इस घटना के बाद NATO ने तुर्किये को निशाना बनाए जाने पर ईरान की निंदा की है. वहीं, तुर्किये के एक अधिकारी ने दावा किया कि ये मिसाइल तुर्किये पर हमले के लिए नहीं दागी गई थी. इसका निशाना कहीं और था लेकिन मिसाइल अपने रास्ते से भटक गई.
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात NATO की एयर और मिसाइल डिफेंस यूनिट्स ने ईरान से दागी गई इराक और सीरिया के हवाई क्षेत्र से गुजर रही एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया.
यह मिसाइल तुर्किये के हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, जिसे कोई भी नुकसान पहुंचाने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया. मिसाइल का एक टुकड़ा तुर्किये के हाटे प्रांत के डोरट्योल जिले में गिरा. इसकी पहचान उसी मिसाइल के एक हिस्से के रूप में की गई, जिसे नाटो के एयर डिफेंस सिस्टम ने रोक दिया था.
तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है. मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए तुर्किये ऐसे किसी भी हमले का जवाब देने का अधिकार रखता है. उसने युद्ध के सभी पक्षों को चेतावनी भी दी कि ऐसी कोई कार्रवाई न करें जिससे क्षेत्र में सैन्य संघर्ष बढ़े.
वहीं, इस कथित हमले के बाद नाटो ने तुर्किये के साथ एकजुटता भी दिखाई है. संगठन ने कहा कि क्षेत्र में ईरान के अंधाधुंध हमलों को देखते हुए नाटो तुर्किये समेत अपने सभी सहयोगियों के साथ मजबूती से खड़ा है.
नाटो प्रवक्ता एलिसन हार्ट ने कहा कि वह ईरान के तुर्किये पर हमले की कड़ी निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सेना पूरी तरह तैयार है. हवा से होने वाले हमलों और मिसाइलों से बचाव की हमारी व्यवस्था मजबूत है और किसी भी खतरे का सामना करने में हम सक्षम हैं. बता दें कि तुर्किये ट्रांसअटलांटिक नाटो गठबंधन (NATO) का सदस्य देश है.
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तुर्किये के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर दावा किया कि जिस मिसाइल को नाटो की वायु-रक्षा प्रणालियों ने नष्ट किया था, उसका टार्गेट तुर्किये नहीं था. यह मिसाइल ग्रीक साइप्रस में किसी बेस को निशाना बनाने के लिए भेजी गई थी, लेकिन वह अपनी दिशा से भटक गई. हालांकि इसकी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई है.
वीडियो: इजरायल-ईरान संघर्ष पर बनी टॉप 5 फिल्में और सीरीज की लिस्ट

.webp?width=60)

