The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • iran irgc navy attacks 2 merchant vessels report gunfire while crossing strait of Hormuz

होर्मुज पार कर रहे भारतीय जहाज पर गोली चला रहा ईरान, दिल्ली में राजदूत तलब हो गए

IRGC Navy की दो गनबोट्स ने Strait Of Hormuz से गुजर रहे एक जहाजों पर गोलीबारी की है. कई जहाजों को अपना रास्ता बदलने पर मजबूर होना पड़ा, जिनमें एक बहुत बड़ा Indian Flagged Crude Oil Carrier भी शामिल था, जो लगभग 2 मिलियन बैरल इराकी तेल ले जा रहा था.

Advertisement
pic
pic
मानस राज
| प्रणय उपाध्याय
18 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 07:59 PM IST)
iran irgc navy attacks 2 merchant vessels report gunfire while crossing strait of Hormuz
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद कर दिया है (PHOTO-India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद कर दिया है. उसका कहना है कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर यूएस नेवी की नाकाबंदी खत्म नहीं होती, तब तक होर्मुज बंद रहेगा. इस बीच ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर नेवी (IRGC Navy) ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर रहे 2 जहाजों पर हमला किया है. इंडिया टुडे ने कई समुद्री और सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि शनिवार, 18 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुजरने की कोशिश कर रहे 2 भारतीय झंडे वाले मालवाहक जहाज पर गोलीबारी हुई. इनमें एक बड़ा सुपरटैंकर भी शामिल था. 

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड की तरफ से फायरिंग की खबर मिलने के बाद इन जहाजों को बीच रास्ते से ही वापस मुड़ना पड़ा. यह जानकारी शिपिंग मॉनिटर TankerTrackers ने दी. इस घटना के बाद भारत ने औपचारिक विरोध दर्ज कराने के लिए ईरानी राजदूत को तलब किया है. भारत इस घटना पर कड़ी नाराजगी जाहिर करने की तैयारी में भी है. इस बीच उन परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिनके तहत ईरानी सेना ने नागरिक जहाजों पर गोलीबारी की. 

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) सेंटर ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की दो गनबोट्स ने होर्मुज से गुजर रहे जहाज पर गोलीबारी की. सेंटर ने यह भी बताया कि जहाज और उसका क्रू सुरक्षित है. वहीं TankerTrackers के मुताबिक कई जहाजों को अपना रास्ता बदलने पर मजबूर होना पड़ा, जिनमें भारत का झंडा लगा एक बहुत बड़ा क्रूड कैरियर भी शामिल था. यह लगभग 2 मिलियन बैरल इराकी तेल ले जा रहा था. ऑडियो इंटरसेप्ट्स से पता चला कि जब जहाजों को पश्चिम की ओर मोड़ा जा रहा था, तब IRGC की गनबोट्स ने गोलीबारी की.

इससे पहले, रॉयटर्स ने Qeshm और Larak आईलैंड्स के बीच के पानी में गोलीबारी होने की खबर दी थी. समुद्री सुरक्षा से जुड़े एक सूत्र के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि जहाज बिना रास्ता पूरा किए ही वापस लौट गए, जबकि एक कंटेनर जहाज को भी गोली लगी. इस बीच IRGC नेवी ने सभी जहाजों के लिए VHF (जहाजों का रेडियो) पर एक मैसेज जारी किया है. IRGC ने कहा,

सभी जहाजों को ये बताया जाता है कि बातचीत में अपने वादे को पूरा करने में अमेरिकी सरकार की विफलता के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से पूरी तरह से बंद कर दिया है. किसी भी देश के किसी भी तरह के जहाज को होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं है.

ईरान की जॉइंट मिलिट्री कमांड ने कहा कि होर्मुज पर उनका कंट्रोल अपनी पिछली स्थिति में लौट आया है. अब यह इलाका फिर से आर्म्ड फोर्सेज के अंडर में है. साथ ही, उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक वह यहां से आवाजाही को बाधित करता रहेगा.

इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शनिवार, 18 अप्रैल को दो भारतीय जहाज लारक द्वीप के पास ऐसे पॉइंट पर पहुंच गए थे, जिसे IRGC कंट्रोल कर रहा था. उन्हें वहीं से वापस लौटना पड़ा. वहीं एक जहाज दिन में पहले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करने में सफल हो गया. 18 अप्रैल की सुबह से कुल 8 भारतीय झंडे वाले या भारत की ओर जा रहे जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के पास पहुंचे थे. इनमें से 'Desh Garima' को छोड़कर बाकी 7 जहाजों ने रास्ता पार करने की कोशिश की, लेकिन बढ़ते तनाव के कारण उन्हें बीच से ही वापस लौटना पड़ा.

वीडियो: ईरान ने अमेरिका को अब क्यों धमकी दी?

Advertisement

Advertisement

()