The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • iran earthquake Gerash amid escalating Israeli US attacks

युद्ध के बीच ईरान में आया भूकंप, ये परमाणु परीक्षण के झटके तो नहीं?

Iran Earthquake: यह भूकंप ऐसे समय में आया है जब ईरानी मिलिट्री साइट्स को निशाना बनाकर हवाई हमले तेज हो गए हैं. ईरान भी अरब देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ इजरायल पर मिसाइल दाग रहा है.

Advertisement
Iran Damage, Iran Earthquake, iran, Earthquake
ईरान के तेहरान में US-इजरायल की एयरस्ट्राइक से नुकसान. (ITG)
pic
मौ. जिशान
3 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 03:30 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

अमेरिका और इजरायल के हमलों से जूझ रहे ईरान पर प्राकृतिक आपदा आई है. देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित गेराश इलाका भूकंप के झटकों से दहल गया. भूकंप की तीव्रता 4.4 रही. फिलहाल, जान-माल के नुकसान की खबर नहीं आई है. हालांकि, सैन्य हमलों का सामना कर रहे देश के लिए हालात और मुश्किल हो गए हैं.

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, 4.4 तीव्रता का भूंकप मंगलवार, 3 मार्च को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आया. इसका केंद्र ईरान के गेराश से 52 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर नीचे था. राजधानी तेहरान से गेराश की दूरी करीब 1200 किलोमीटर है.

अमेरिका और इजरायल लगातार आरोप लगाते हैं कि ईरान न्यूक्लियर हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है. दोनों का आरोप है कि इसके लिए ईरान में यूरेनिएम का एनरिचमेंट बढ़ाने की कवायद चल रही है. जब भी ईरान में भूकंप का झटका लगता है, तो आशंका जताई जाती है कि ईरान ने न्यूक्लियर टेस्ट किया है.

हालांकि, ताजा भूकंप का एपिसेंटर गेराश के आस-पास कोई यूरेनिएम एनरिचमेंट साइट नहीं है. यहां से बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट की दूरी 500 किलोमीटर से कुछ ज्यादा है. गेराश से बंदर अब्बास यूरेनियम प्रोडक्शन प्लांट करीब 235 किलोमीटर दूर है. अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी पक्ष से न्यूक्लियर टेस्ट की खबर नहीं आई है.

Image embed
(USGS)

यह भूकंप ऐसे समय में आया है जब ईरानी मिलिट्री साइट्स को निशाना बनाकर हवाई हमले तेज हो गए हैं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट में स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया गया कि तेहरान से 800 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केरमान एयर बेस पर हुए हमले में कम से कम 13 ईरानी सैनिक मारे गए.

ईरान की सेमी-ऑफिशियल तस्नीम न्यूज एजेंसी और हमशहरी डेली न्यूजपेपर ने कहा कि मिलिट्री हेलीकॉप्टर वाला बेस हमले का टारगेट था. ईरान भी जवाबी कार्रवाई में अरब देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ इजरायल पर मिसाइल दाग रहा है. सैटेलाइट इमेज से पता चलता है कि बहरीन, इराक, कुवैत और UAE में कम से कम छह यूएस मिलिट्री ठिकानों पर हमला हुआ है, जिससे स्ट्रक्चरल डैमेज हुआ है.

वीडियो: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच स्पेन ने अमेरिका को कैसा झटका दे दिया?

Advertisement

Advertisement

()