ईरान ने एक और F-35 फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया, इस बार अमेरिका चुप
ईरान ने फिर अमेरिका के F-35 विमान को निशाना बनाने का दावा किया है. 5th जनरेशन के इस लड़ाकू विमान को अमेरिकी हवाई ताकत की बुनियाद कहा जाता है. इस फाइटर जेट को आज तक कोई इंटरसेप्ट नहीं कर पाया है.

ईरान ने दूसरी बार अमेरिका के सबसे ताकतवर F-35 लड़ाकू जहाज को मार गिराने का दावा किया है. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी का कहना है कि इस हमले में पायलट के बचने की संभावना बहुत कम है. हालांकि इस दावे की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. अमेरिका ने भी इस दावे पर अभी तक कुछ नहीं कहा है.
इससे पहले 19 मार्च को ईरान ने दावा किया था कि उसने अमेरिका के इस सबसे महंगे फाइटर जेट को हिट किया है. हालांकि, तब अमेरिकी सेना ने जेट के इमरजेंसी लैंडिंग की बात स्वीकारी थी. उन्होंने साफ किया था कि विमान और उसके पायलट दोनों सुरक्षित हैं.
अब 3 अप्रैल को ईरानी सेना ने फिर दावा किया है कि उसने ईरान के बीचोबीच अमेरिका के F-35 विमान को हिट किया है. ईरानी सेना के ऑपरेशनल कमांड सेंटर खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने बताया कि दूसरा F-35 विमान IRGC के एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया है. उन्होंने ये दावा भी किया कि हिट होने के बाद विमान में विस्फोट हुआ, जिसमें पायलट की मौत हो गई होगी.
ये घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान पश्चिम एशिया के कई इलाकों में हमले कर रहा है. शुक्रवार, 3 अप्रैल को उसने इजराइल और बहरीन पर कई मिसाइलें दागीं. कुवैत में भी ड्रोन हमले करके एक ऑयल रिफाइनरी में आग लगा दी.
इससे पहले 19 मार्च 2026 को Operation Epic Fury के तहत अमेरिकी F-35 जेट ईरान के ऊपर कॉम्बैट मिशन पर था. तब भी ईरान ने दावा किया था कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे हिट किया है. तब अमेरिकी सेना ने पुष्टि की थी कि जेट सुरक्षित लैंड हुआ और जांच चल रही है. कहा गया कि ये पहली बार है जब अमेरिका के F35 विमान को दुश्मन ने हिट किया.
तेहरान टाइम्स ने इसका एक वीडियो भी शेयर किया. इसके बारे में कहा कि ईरानी हवाई क्षेत्र में एक अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान पर हमला किया गया. वीडियो में तेज धमाके के बाद एक विमान से धुएं के निशान भी निकलते देखे गए. इसके बाद विमान दिशाहीन हो गया.
हालांकि, अमेरिका ने विमान को किसी नुकसान की बात से इनकार किया. अमेरिकी सेना ने बताया कि विमान लड़ाकू मिशन पर था. उसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. लेकिन वह और उसका पायलट पूरी तरह से सुरक्षित रहा.
बता दें कि F-35 5th जेनेरेशन का लड़ाकू विमान है, जिसकी कीमत 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा है. इसे अमेरिका की हवाई ताकत का आधार स्तंभ माना जाता है. 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ जंग छेड़ने के बाद अमेरिका और इजराइल दोनों F-35 विमानों की लगातार तैनाती कर रहे हैं.
वीडियो: असम के ULFA के जितेन दत्ता का इंटरव्यू, कहानी सबसे ताकतवर संगठन की

.webp?width=60)
