आईपीएल डायरी : मुंबई का होमग्राउंड जयपुर
आईपीएल के नौवें सीज़न की हाइलाइट्स, खबरें और तमाम मुंहपेलई.
फोटो - thelallantop
केतन बुकरैत
19 अप्रैल 2016 (अपडेटेड: 20 अप्रैल 2016, 07:03 AM IST)
आईपीएल शुरू हुए दस दिन हो चुके हैं. अब प्लेयर्स को हवा पानी के बारे में मालूम चलना शुरू हुआ है. नयी टीम और नए कॉम्बिनेशन्स की वजह से जो शुरूआती झिझक थी, वो अब ख़तम हो चुकी है. इन दस दिनों में 12 मैच खेले जा चुके हैं. आईपीएल डायरी में देखेंगे कि क्या चल रहा है इस टी-ट्वेंटी के कुम्भ मेले में.
मुंबई इंडियन्स ने चुना जयपुर अपना होम ग्राउंड
महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति में कोर्ट से डांट खाने के बाद आईपीएल प्रदेश से बाहर होने वाला है. 30 अप्रैल के बाद सभी मैच महाराष्ट्र के बाहर होंगे. ऐसे में मुंबई इंडियन्स को अपना होम ग्राउंड चुनना था. टीम को तीन ऑप्शन्स दिए गये थे - जयपुर, कानपुर और रायपुर. मुंबई की टीम ने जयपुर चुना है.
मलिंगा और जॉन हेस्टिंग्स आईपीएल से बाहर
मुंबई के खेवनहार लसिथ मलिंगा और कोलकाता नाईटराइडर्स के आल राउंडर जॉन हेस्टिंग्स चोट के चलते आईपीएल से बाहर हो चुके हैं. लसिथ मलिंगा को टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ही चोट लग गयी थी.
गंभीर की चौकस फॉर्म
आईपीएल में सबसे ज़्यादा पचासे मारने का रिकॉर्ड रखने वाले गौतम गंभीर इस सीज़न में पूरे चाक चौबस्त नज़र आ रहे हैं. 3 मैचों में 96 के एवरेज से 192 रन बना चुके हैं. दिल्ली के खिलाफ़ 38, मुंबई के खिलाफ़ 64 और हैदराबाद के खिलाफ़ 90* रन बनाये हैं. गौतम गंभीर काफी वक़्त से टीम इंडिया में आने की कोशिश कर रहे हैं. आईपीएल उनकी इस कोशिश की आखिरी किस्त मालूम देती है. अब नहीं तो गुरु कभी नहीं.
आईपीएल-9 की पहली सेंचुरी
क्विंटन डिकॉक ने आईपीएल के नौवें सीज़न में सेंचुरी मारी है. बैंगलोर के खिलाफ़ 192 रन का टार्गेट चेज़ करते हुए डिकॉक को न जाने क्या सूझी कि सेंचुरी ही ठोंक दी. बैंगलोर की टीम हार गयी. 51 गेंद में 15 चौके और 3 छक्के के साथ 108 रन बनाये.