The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • instagram facebook children sexual exploitation child safety violation meta fine 375 million dollars

इंस्टाग्राम-फेसबुक पर बच्चे यौन शोषण का शिकार बने, मेटा पर 3521 करोड़ का जुर्माना ठुका

Meta Fined: न्यू मैक्सिको के AG राउल टोरेज ने कहा कि मेटा पर जुर्माने का फैसला हर उस बच्चे और परिवार के लिए एक ऐतिहासिक जीत है, जिसने बच्चों की सुरक्षा के बजाय मुनाफे को तरजीह देने के मेटा के फैसले की कीमत चुकाई है.

Advertisement
pic
25 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 09:12 AM IST)
child safety, Meta, Facebook, Instagram, meta penalty, meta fine, new mexico, instagram dangers, facebook dangers, sexual exploitation
अमेरिकी कोर्ट ने मेटा को बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दोषी माना. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सऐप के मालिकाना हक वाली कंपनी मेटा को बड़ा झटका लगा है. बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दोषी मानते हुए एक अमेरिकी कोर्ट ने मेटा पर 375 मिलियन डॉलर (लगभग 3,521 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है. कोर्ट ने पाया कि मेटा ने अपने प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर लोगों को गुमराह किया और कम उम्र के यूजर्स के यौन शोषण को बढ़ावा दिया.

अमेरिकी समयानुसार मंगलवार, 24 मार्च को न्यू मैक्सिको की सैंटा फे स्टेट डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जूरी ने मेटा के खिलाफ जुर्माने का आदेश दिया. राज्य के उपभोक्ता सुरक्षा कानून का उल्लंघन करने का दोषी मानते हुए कोर्ट ने मेटा पर भारी-भरकम पेनल्टी ठोकी है.

न्यू मैक्सिको जस्टिस डिपार्टमेंट के एटॉर्नी जनरल (AG) राउल टोरेज ने 2023 में मेटा के खिलाफ केस दायर किया था. इसमें आरोप था कि मेटा अपने यूजर्स को अपने प्लेटफॉर्म की सेफ्टी को लेकर लोगों को गुमराह करता है. मुकदमे में यह भी इल्जाम लगा कि मेटा के ढीले सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण यौन शिकारियों को नाबालिगों से संपर्क करने का मौका मिला.

कोर्ट ने मेटा पर मोटा जुर्माना लगाया तो AG राउल टोरेज काफी खुश नजर आए. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राउल टोरेज ने एक बयान में कहा,

"जूरी का यह फैसला हर उस बच्चे और परिवार के लिए एक ऐतिहासिक जीत है, जिसने बच्चों की सुरक्षा के बजाय मुनाफे को तरजीह देने के मेटा के फैसले की कीमत चुकाई है... मेटा के अधिकारियों को पता था कि उनके प्रोडक्ट्स बच्चों को नुकसान पहुंचाते हैं. मेटा ने अपने ही कर्मचारियों की चेतावनियों को नजरअंदाज किया और जो कुछ वे जानते थे, उसके बारे में जनता से झूठ बोला."

मेटा ने न्यू मैक्सिको की कोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील करने का फैसला किया है. मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने एक बयान में कहा,

"हम पूरी मजबूती से अपना बचाव करते रहेंगे, और हमें ऑनलाइन रहने वाले किशोरों की सुरक्षा के अपने रिकॉर्ड पर पूरा भरोसा है."

सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा के लिए बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुकदमों में यह पहली बड़ी हार है. अमेरिका में मेटा, स्नैप, टिकटॉक और यूट्यूब के खिलाफ हजारों की संख्या में केस दायर किए गए हैं.

मेटा को लॉस एंजिल्स में भी एक मुकदमे का सामना करना पड़ रहा है. इस मामले में मेटा के अलावा यूट्यूब पर आरोप लगाया गया है कि उनके प्लेटफॉर्म पर मौजूद फीचर्स लत लगाने वाले हैं, जिससे लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है. याचिकाकर्ताओं ने प्लेटफॉर्म के डिजाइन फीचर्स में बदलाव की मांग की है, ताकि लोगों को इनकी लत लगने से रोका जा सके.

वीडियो: सोशल लिस्ट: चीन के वायरल 7 कुत्तों की कहानी, चोरों की पकड़ से भागे, 17 km दूर घर पहुंचे

Advertisement

Advertisement

()