ट्रंप की धमकी कितनी खतरनाक है? भारतीयों के लिए दूतावास की ये एडवाइजरी बता देगी
Indian embassy in Iran advisory: ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए इंडियन एंबेसी ने नई एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की आवाजाही से बचें.

ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगले कुछ घंटों में ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा. इसी के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की आवाजाही से बचें. इस एडवाइजरी से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि ‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी’.
7 अप्रैल को इंडियन एंबेसी ने एडवाइजरी जारी करते हुए लिखा,
“जो भारतीय नागरिक अभी भी ईरान में हैं, वे अगले 48 घंटों तक जहां हैं वहीं रहें. बिजली से जुड़े इलाकों, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें. घर के अंदर ही रहें और हाईवे पर किसी भी तरह की आवाजाही के लिए दूतावास से कॉर्डिनेट करें. जो लोग दूतावास की तरफ से बुक होटल में रुके हैं वे भी अंदर ही रहें और मौके पर मौजूद एंबेसी की टीमों के साथ संपर्क बनाए रखें. सभी से अनुरोध है कि वे आधिकारिक अपडेट्स पर बारीकी से नजर रखें. ”
एंबेसी ने इमरजेंसी के लिए नीचे कॉन्टैक्ट डिटेल और ईमेल आईडी भी दी है.

ईरान में लगभग 8 हजार भारतीय हैं. भारतीय दूतावास ने तेहरान से 1862 इंडियन नागरिकों को आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते भारत भेजने में मदद की है. इनमें 935 छात्र और 472 मछुआरे शामिल हैं. 28 फरवरी से शुरू हुई अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बाद से लगभग 7.6 लाख यात्री वापस भारत आ चुके हैं.
ट्रंप ने क्या कहा था?
उधर, ईरान को लेकर ट्रंप की धमकियां रुक नहीं रही हैं. 5 अप्रैल को उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने को लेकर चेतावनी दी थी. कहा कि मंगलवार को ईरान में 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा. फिर 6 अप्रैल को राष्ट्रपति ने वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा,
‘हमने उन्हें कल तक का टाइम दिया है, अगर तब तक डील हो गई, तो ठीक है. वर्ना ईरान के सभी ब्रिज प्लांट, पावर प्लांट पर बम बरसाए जाएंगे. केवल 4 घंटे में पूरे ईरान को बर्बाद कर दिया जाएगा. रात 12 बजे तक ईरान के सभी पावर और ब्रिज प्लांट गायब हो जाएंगे.’
7 अप्रैल को उन्होंने एक अन्य पोस्ट में एक पूरी सभ्यता मिटाने की बात कही. ट्रंप की डेडलाइन मंगलवार, 7 अप्रैल को वॉशिंगटन डीसी के समय के मुताबिक रात 8 बजे और भारत के हिसाब से बुधवार सुबह 5.30 बजे खत्म हो रही है. अमेरिका की तरफ से ईरान को लगातार दी रही इन धमकियों ने पूरी दुनिया को बेचैन कर दिया है.
वीडियो: ट्रंप की ईरान को नई धमकी, मचने वाली है बड़ी तबाही?

.webp?width=60)
