पहले ही ओवर में इशांत का ये बोल्ड देखकर पता चल गया था कि इंडियन बॉलर क्या करने वाले हैं
जितने ओवरों में इंडिया ने 250 बनाए, उतने में ऑस्ट्रेलिया 200 भी नहीं पहुंच पाई है.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
एडिलेड टेस्ट का दूसरा दिन. शुरुआत काफी एक्साइटिंग थी. मगर अंजाम थोड़ा बोरिंग रहा. एक्साइटिंग इसलिए क्योंकि इंडिया की आखिरी विकेट दिन की पहली ही गेंद पर गिर गई. मोहम्मद शमी ने एक गेंद खेली और इंडिया की पारी 250 पर निपट गई. फिर बैटिंग करने आई ऑस्ट्रेलिया और यहां इशांत के हाथ मे गेंद थी. पहले ओवर की तीसरी ही गेंद पर जो हुआ उसे देख लगा कि वाह- अब मजा आएगा. इशांत की गेंद एरॉन फिंच के बल्ले और पैड के बीच से फुर्र.. हो गई और तीनों स्टंप्स बिखर गईं. ये इंडिया के लिए ड्रीम स्टार्ट था. साथ ही इशांत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 50 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए हैं.

मगर फिर विकेट से कोई मदद मिलती नहीं दिखी और यहां मोर्चा संभाल लिया रवि अश्विन ने. 45 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट अश्विन ने गिराया. अश्विन ने ओपनर हैरिस को चलता किया और कुछ ही देर में शॉन मार्श भी अश्विन की गेंद को दूर से ड्राइव करने के चक्कर में बोल्ड हो गए. 59 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट गिर चुके थे. मगर यहां उस्मान ख़्वाजा अच्छे टच में लग रहे थे. फिर अश्विन की एक गेंद को पढ़ने में ख़्वाजा ने गलती कर दी. और विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच हो गए. हालांकि फील्ड अंपायर को इसका पता नहीं चला था कि गेंद बल्ले या ग्लव पर लगी है, मगर थर्ड अंपायर के स्निकोमीटर ने इसे पकड़ लिया और इंडिया को ये बड़ी विकेट मिली. स्कोर 87/4 हो गया. इसके बाद अगला विकेट विकेट लेने के लिए इंडिया को 33 रन और देने पड़े. 120 के स्कोर पर बुमराह ने सेट हो चुके हैंड्सकॉम्ब को पवेलियन लौटा दिया. वो 34 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद कप्तान टिम पेन को इशांत ने विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच करवाया और ऑस्ट्रेलिया की हालत एकदम वैसी हो गई जो मैच के पहले दिन इंडिया की थी. यानी 127 पर 6 विकेट.Stumps were flying 🔥
Ishant Sharma is number one fast bowler in world cricket 👈 Stuart Binny second 😃 pic.twitter.com/BLiJmdPnKL — Mayanti Langer (@Langer_Mayanti) December 7, 2018
यहां आगे जो हुआ वो भी कुछ हद तक इंडिया की पारी की तरह ही था. ऑस्ट्रेलिया के लिए पुजारा का रोल निभाने की कोशिश करते दिखे ट्रेविस हेड. एक तरह विकेट गिर रहे थे और दूसरी तरफ हेड स्कोरबोर्ड को थमने नहीं दे रहे थे. इंडिया ने नई बॉल ली और बुमराह ने आते ही काम कर दिया. कमिन्स को एलबीडब्ल्यू आउट किया.तब तक पैट कमिन्स के साथ मिलकर हेड की पूरे 50 रन की पार्टनरशिप हो चुकी थी. 177/7 होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक 88 ओवरों में 191 रन बना लिए हैं.यहां दिन की पहली गेंद पर इंडिया का आखिरी विकेट गिर गया था और ऑस्ट्रेलिया ने पूरे दिन में 191 रन ही बनाए. वहां इंडिया ने इतने ही ओवरों में 250 रन बना लिए थे. वैसे थैंक्स टू पुजारा. मगर यहां ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ट्रेविस हेड भी 61 रन बनाकर नाबाद हैं और ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में अभी भी इंडिया से 59 रन पीछे है. यहां इंडियन बॉलरों ने अच्छा प्रदर्शन किया. अश्विन ने 3, इशांत और बुमराह ने दो-दो विकेट लिए. मगर मोहम्मद शमी के हिस्से कोई विकेट नहीं आया. 16 ओवर करवाए और 51 रन दिए. इंडिया को यहां एक स्पिनर की जरूरत ख़ली. इसलिए मुरली विजय को भी ऑफ स्पिन फेंकते देखा गया. 4 ओवर फेंके और 10 रन दिए. तो ये था Day 2 का हाल. अब तीसरे दिन इंडिया के सामने टेलएंडरों को जल्दी निपटाने का चैलेंज रहेगा और जितनी जल्दी ये काम होगा, इंडिया के पास इस मैच को अपने कंट्रोल में करने का उतना ही मौका बनेगा.


