The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • India seizes 3 ships linked to Iran sanctioned BY US near Mumbai

भारत ने ईरान से जुड़े तीन जहाज किए जब्त, भारत-अमेरिका संबंधों में सुधार के बाद हुआ एक्शन

ये जहाज ईरानी तेल ले जा रहे थे और अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के लिए ‘शैडो फ्लीट’ के तौर पर काम कर रहे थे. Mumbai के पास इन जहाजों को जब्त कर लिया गया.

Advertisement
pic
17 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 17 फ़रवरी 2026, 08:57 AM IST)
India seizes 3 ships linked to Iran
मुंबई के पास इन जहाजों को जब्त किया गया. (सांकेतिक फोटो: रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत ने अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी के खिलाफ एक बड़ा और सख़्त कदम उठाया है. सूत्रों के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में ईरान से जुड़े तीन अमेरिकी प्रतिबंधित (US-Sanctioned) तेल टैंकर जहाज़ ज़ब्त कर लिए गए हैं. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब भारत और अमेरिका के रिश्तों में सुधार देखा जा रहा है और व्यापार को लेकर दोनों देशों के बीच सकारात्मक माहौल है.

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय तटीय एजेंसियों ने बताया कि भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन (EEZ) में संदिग्ध गतिविधि दिखने के बाद मुंबई से करीब 100 समुद्री मील पश्चिम में इन जहाज़ों को रोका गया. इस घटना की जानकारी पहले ‘X’ पर दी गई थी, हालांकि बाद में पोस्ट हटा दी गई. लेकिन सूत्र ने बताया कि जांच के लिए जहाजों को मुंबई ले जाया गया था.

ज़ब्त किए गए जहाज़ों के नाम हैं- स्टेलर रूबी, एस्फाल्ट स्टार और अल जाफजिया. इन तीनों को 6 फरवरी को पकड़ा गया. बताया गया है कि ये जहाज़ ईरानी तेल ले जा रहे थे और अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के लिए ‘शैडो फ्लीट’ के तौर पर काम कर रहे थे. सूत्रों के मुताबिक, ये टैंकर अक्सर अपना नाम और झंडा बदलते रहते थे, ताकि तटीय देशों की कार्रवाई से बच सकें. इनके मालिक विदेश में रहते थे. पकड़े जाने के वक्त स्टेलर रूबी पर ईरानी झंडा लगा हुआ था.

ईरान ने क्या कहा?

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सरकारी मीडिया ने ‘नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी’ के हवाले से बताया कि भारत द्वारा जब्त किए गए तीनों टैंकरों का कंपनी से कोई संबंध नहीं है. कंपनी ने कहा कि न तो माल और न ही जहाज कंपनी से जुड़े हुए थे.

वॉशिंगटन के मुताबिक, इन तीनों जहाज़ों पर पहले ही ईरान से जुड़े होने की वजह से अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जा चुके थे. रिपोर्ट में कहा गया है कि ये लगभग 30 टैंकरों के बेड़े का हिस्सा हैं, जिन्हें दुबई में रहने वाले भारतीय नागरिक जुगविंदर सिंह बराड़ मैनेज करते हैं.

ये भी पढ़ें: वेनेजुएला के पास रूस ने तैनात की सबमरीन, ऑयलशिप बचाने के लिए अमेरिका से होगी टक्कर?

भारत-US ट्रेड डील के बाद एक्शन

बताया जा रहा है कि भारत ने यह कार्रवाई उसी दिन की, जब वॉशिंगटन और नई दिल्ली ने अंतरिम व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क जारी किया था. अमेरिका ने यह भी कहा है कि वह भारतीय सामान पर इंपोर्ट टैरिफ 50% से घटाकर 18% करेगा, जिसे भारत-अमेरिका संबंधों में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

बताते चलें कि ईरान ने भी 8 दिसंबर को एक तेल टैंकर MT वैलिएंट रोअर को पकड़ा था, जिसमें 16 भारतीय नाविक सवार थे. इनमें से 8 को रिहा किया जा चुका है, जबकि 8 अब भी ईरान की हिरासत में हैं. उनके परिवार लगातार रिहाई की मांग कर रहे हैं.

जहाजों को जब्त किए जाने के बाद से भारतीय तटरक्षक बल ने निगरानी तेज कर दी है. सूत्र ने बताया कि लगभग 55 जहाज और 10 से 12 विमान अब भारत के समुद्री क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं. भारत ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि दुनिया में गैरकानूनी तरीके से तेल ले जाने वाले टैंकरों पर रोक लगाई जा सके.

वीडियो: खर्चा-पानी: अमेरिका ने भारत के आम से लदे 15 जहाज क्यों लौटा दिए?

Advertisement

Advertisement

()