स्मिथ ने ऐसा RECORD बना दिया, विराट चाहकर भी नहीं तोड़ पाएंगे!
सचिन, सहवाग, सोबर्स सब पीछे छूट गए.
Advertisement

स्टीव स्मिथ. फोटो: AP
Quick AI Highlights
Click here to view more
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन महीने लंबी सीरीज़ खत्म होने पर है. ब्रिस्बेन में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म हो गया है. ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 328 रनों का लक्ष्य रखा गया है.
मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 294 रन बनाए. जिसमें स्टीव स्मिथ ने 55 रनों की शानदार पारी खेली. 55 रनों की इस पारी में एक खास चीज़ और रही. स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 7500 रन पूरे कर लिए हैं. इसके साथ ही वो टेस्ट क्रिकेट में इतने रनों तक पहुंचने वाले सबसे तेज़ बल्लेबाज़ भी बन गए हैं.
स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर की 139वीं पारी में 7500 रन पूरे कर लिए. उन्होंने सचिन तेंडुलकर और वीरेंद्र सहवाग के टेस्ट में 7500 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. सचिन और सहवाग दोनों ने ही 144 पारियों में 7500 टेस्ट रन पूरे किए थे. लेकिन अब ये रिकॉर्ड स्मिथ के नाम हो गया है.
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कुमार संगाकारा और गैरी सोबर्स है. इन दोनों लिजेंड्स ने 147 पारियों में 7500 टेस्ट रन पूरे किए थे.
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 7500 रन पूरे नहीं किए हैं. उनके टेस्ट क्रिकेट में 7318 रन है. लेकिन विराट कोहली स्मिथ के इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाएंगे. क्योंकि विराट ने पहले ही 147 पारियां खेल ली हैं.
टेस्ट मैच में क्या हुआ:
इस मुकाबले में चौथे दिन भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने टेस्ट क्रिकेट के पहले पांच विकेट लिए. जिससे ऑस्ट्रेलियाई टीम 294 रनों पर ढेर हो गई. भारत के सामने 328 रनों का लक्ष्य रखा गया है. लेकिन ये लक्ष्य हासिल करना बिल्कुल भी आसान नहीं है क्योंकि इस मैदान पर कभी भी इतना बड़ा स्कोर चेज़ नहीं हुआ है.
ब्रिस्बेन के गाबा के मैदान पर सबसे सफल चेज़ 236 रन है. जो कि साल 1951 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ही हासिल किया था. ऐसे में अगर टीम इंडिया इस लक्ष्य को हासिल करती है तो फिर ये एक बड़ा इतिहास होगा.
स्टीव स्मिथ ने ब्रिस्बेन की पिच पर क्या कहा?
स्टीव स्मिथ ने कहा,
''मेरे ख्याल से यहां सिडनी के मुकाबले पिच थोड़ी अलग है. आज कुछ गेंद उछल रही थी और हम सिर्फ अच्छे क्षेत्र में खेलना चाहते थे और धैर्य रखना चाहते थे. बारिश के बारे में हमें नहीं पता. हम मौसम के जानकार नहीं है और हमें नहीं पता कि आगे क्या होगा. लेकिन मैच एक अहम मोड़ पर पहुंच चुका है.''

