10 साल पहले मर चुकी महिला को 7.50 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, पैनकार्ड से खेल हो गया?
बीमारी के चलते 20 नवंबर, 2013 को महिला की मौत हो गई थी.

मध्यप्रदेश में इनकम टैक्स विभाग ने एक महिला के घर 7.56 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा. नोटिस देख घरवालों के होश उड़ गए. इनकम टैक्स से घबराकर नहीं, बल्कि इसलिए क्योंकि महिला की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है.
इंडिया टुडे से जुड़े राजेश भाटिया के मुताबिक, ये घटना बैतूल जिले की है. यहां के बडोरा इलाके में रहने वाले तिलक सोनी को ये नोटिस मिला. ये उनकी पत्नी ऊषा सोनी के नाम था. उनकी बीमारी के चलते 20 नवंबर, 2013 को मौत हो गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक बीते महीने के अंत में उनके नाम 7 करोड़ 55 लाख 69 हज़ार 30 रुपये का इनकम टैक्स नोटिस आया है.
सरकारी स्कूल में टीचर थीं ऊषा सोनीऊषा सोनी सरकारी स्कूल में टीचर थीं. उनके परिजनों ने नोटिस के खिलाफ बैतूल एसपी के यहां शिकायत की है. परिवार ने इनकम टैक्स विभाग में भी इस बारे में पता किया. यहां मालूम चला कि ये टैक्स 2017-18 का है. ये भी सामने आया कि नोटिस नेचुरल कास्टिंग नाम की कंपनी ने किसी दूसरी कंपनी को स्क्रैप भेजा था. इस लेनदेन में ऊषा सोनी के पैनकार्ड का इस्तेमाल किया गया था.
ऊषा सोनी सामान्य मध्यवर्गीय परिवार से थीं. उनके तीन बेटे हैं. वे बैतूल के बाहर प्राइवेट नौकरियां करते हैं. नोटिस को लेकर पूरा परिवार परेशान है. उनके बेटे पवन सोनी ने बताया,
"मेरी मां का 10 साल पहले निधन हो गया था. वे सरकारी स्कूल में टीचर थीं. अब उनको इनकम टैक्स विभाग ने साढ़े सात करोड़ का टैक्स भरने का नोटिस दिया है. इतना टैक्स देने की हमारी हैसियत नहीं है. हम बहुत ही सामान्य परिवार से हैं. मां के पैन कार्ड का किसी ने गलत इस्तेमाल किया है. हमने SP से इस मामले की शिकायत की है"
वहीं बैतूल के SP सिद्धार्थ चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृत महिला ऊषा सोनी के परिजनों ने शिकायत की है. इस मामले को लेकर इनकम टैक्स विभाग से जानकारी लेकर जांच की जाएगी. उसमें जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: मध्य प्रदेश के बैतूल में चोर ने मंदिर में चोरी की फिर भगवान को एक 'क्षमा प्रार्थी' पत्र लिख डाला

