हरियाणा: फैक्ट्री के वेस्टेज टैंक की सफाई के लिए उतरे थे मजदूर, गैस रिसाव से 4 की मौत
हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एयरोप्लेक्स नाम की कंपनी की फैक्ट्री में हुआ हादसा.

हरियाणा (Harayana) के बहादुरगढ़ (Bahadurgarh) से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है. एक फैक्ट्री में वेस्टेज टैंक की सफाई के दौरान 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो की तबीयत बिगड़ गई. दोनों ICU में भर्ती हैं. ये घटना बहादुरगढ़ के रोहद इंडस्ट्रियल एरिया की है. बुधवार, 3 अगस्त को यहां एयरोप्लेक्स नाम की एक कंपनी में वेस्टेज टैंक की सफाई की जा रही थी. उसी दौरान ये हादसा हो गया.
मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी शक्ति सिंह ने बताया है कि मजदूर 5 फीट गहरे टैंक को साफ करने के लिए नीचे उतरे थे.
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में इंजन की गैस किट की सील बनाई जाती है. सफाई के मजदूर वेस्टेज टैंक में उतरे थे. इस हादसे में मरने वाले चारों शख्स उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. आजतक की खबर के मुताबिक मृतकों के नाम राजबीर, अजय कुमार, जगतपाल और प्रकाश हैं. इसके अलावा दोनों घायल भी यूपी के रहने वाले हैं. उनके नाम मयंक और विकास हैं. दोनों का इलाज बहादुरगढ़ के जीवन ज्योति अस्पताल में कराया जा रहा है. खबर के मुताबिक उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
हादसे के बाद फैक्ट्री और उसके मालिक पर भी सवाल उठ रहे हैं. वेस्टेज टैंक में उतारने से पहले क्या मजदूरों को जरूरी संसाधन मुहैया कराए गए थे? फैक्ट्री में किन केमिकल्स का इस्तेमाल होता है और उसके वेस्टेज से किस तरह का खतरा हो सकता है, क्या इन बातों पर कोई सावधानी बरती गई? खबरों के मुताबिक हादसे की खबर सामने आते ही पुलिस अधीक्षक अपनी टीम के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही पता चलेंगे.
वीडियो: यूक्रेन में तेल टैंकर में ब्लास्ट, खारकीव में गैस पाइपलाइन से मिसाइल टकराई!

