पाकिस्तान की बर्बादी के लिए इमरान खान ने जो वजह बताई वो सुनकर आप सिर पीट लेंगे
हद बेतुकी बात कही है.

इमरान खान. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हैं. जैसा की पाकिस्तान के सभी नेता करते हैं, वह भी अपनी हर समस्या के लिए भारत को कोसते हैं. हाल ही में एक इवेंट में बात कर रहे थे. सवाल पूछा गया पाकिस्तान में बढ़ती हिंसा, यौन अपराध, बच्चों के साथ यौन हिंसा और ड्रग तस्करी को लेकर. गेस कीजिए जवाब क्या दिया होगा? कहा- ये सब बॉलीवुड की वजह से हो रहा है.
इमरान खान ने कहा,
ये समझना जरूरी है कि मोबाइल फोन की वजह से पाकिस्तान बहुत बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है. मोबाइल फोन में बच्चों को वो कंटेंट मिल रहा है, जो मानवता के इतिहास में आजतक कभी नहीं देखा गया. इसका यही नतीजा हुआ. बच्चों को स्कूलों में ड्रग मिल रहा है. मुझे पहले इस बात का अहसास तक नहीं था, लेकिन जब सत्ता में आया तो पता चला. यौन हिंसा भयंकर तेजी से बढ़ रही है. पाकिस्तान में बाल यौन शोषण और चाइल्ड पॉर्नोग्राफी भी जारी है.
हम इसे शांत करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन इसका सबसे बड़ा कारण है कॉन्टेंट. वो कॉन्टेंट जो हॉलीवुड और बॉलीवुड के जरिए पाकिस्तान में आ रहा है. यहां (पाकिस्तान में) लोगों को अहसास नहीं है कि हम पश्चिमी सभ्यता की सबसे खतरनाक चीज का उपभोग कर रहे हैं.
इस बयान से पहले ही भारत और पाकिस्तान में सिनेमा को लेकर संबंध बिगड़ चुके हैं. पाकिस्तान कई भारतीय फिल्मों पर बैन भी लगा चुका है. 'मुल्क', 'राज़ी', 'नाम शबाना', 'फैंटम', 'उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'बेबी' जैसी कई फिल्में पाकिस्तान में रिलीज नहीं हुई हैं.
हालांकि पाकिस्तान को फिल्म और मनोरंजन से दूर रहने की सलाह देने वाले इमरान खान खुद ग्लैमर इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं. जब क्रिकेट में उनका करियर पीक पर था तब उन्होंने कोल्डड्रिंक के विज्ञापन में काम किया था.
उसी दौर में एक्टर देव आनंद ने भी इमरान खान को फिल्म का ऑफर दिया था. इसके बारे में उन्होंने 2006 में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया था.
Dev Anand once asked Imran Khan to act in one of his films. 😂pic.twitter.com/2VzkpMMkU6
— HK Scientist (@HK_Scientist) December 30, 2019
उन्होंने कहा था-
आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन भारतीय फिल्मों के एक शानदार हीरो ने मुझे उनकी फिल्म में काम करने का ऑफर दिया था. इंग्लैड जाने के बाद भी उन्होंने मुझसे फिल्म के लिए रिक्वेस्ट की. लेकिन मैं कंफ्यूज था क्योंकि मेरे लिए ये बहुत हैरानी वाली बात थी. मैं एक क्रिकेटर हूं, इसका ये मतलब नहीं कि मैं एक्टर भी हो सकता हूं. मुझे इसका कोई सेंस समझ नहीं आया. भारतीय मूल के डायरेक्टर इस्माइल मर्चेंट ने भी एक बार मुझे फिल्म में काम करने का ऑफर दिया था. लेकिन मैं फिर हैरान था, क्योंकि मैं एक्टिंग नहीं कर सकता हूं. मैं स्कूल के प्ले में भी एक्टिंग नहीं कर पाता था. तो फिल्में मेरे बिना ही बेहतर हैं.
इमरान खान एक्टर नहीं हैं. लेकिन उनकी जिंदगी पर पाकिस्तान में एक फिल्म भी बनी है. नाम है कप्तान: द मेकिंग ऑफ अ लीजेंड (Kaptaan: The Making of a Legend). फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है.
Video : JNU हिंसा को लेकर नसीरुद्दीन शाह ने PM मोदी पर क्या कहा?

