The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • How celebrity talent manager Disha Salian died who managed Sushant Singh Rajput, Varun Sharma and Bharti Singh

सुशांत, वरुण, भारती की मैनेजर दिशा की मौत को लेकर क्या खुसर-फुसर चल रही है?

दिशा सालियान बिल्डिंग से गिरकर मरीं या कूदकर आत्महत्या कर ली?

Advertisement
pic
10 जून 2020 (अपडेटेड: 10 जून 2020, 08:34 PM IST)
Img The Lallantop
तीन अलग-अलग मौकों पर सेलेब्रिटी टैलेंट मैनेजर दिशा सालियान.
Quick AI Highlights
Click here to view more
08 जून की देर रात टैलेंट मैनेजर दिशा सालियान की मौत हो गई. दिशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर पब्लिक रिलेशन मैनेजर की थी. बीतते समय के साथ वो सेलेब्रिटी टैलेंट मैनेजर बन गईं. अपने करियर में वो सुशांत सिंह राजपूत, वरुण शर्मा, रिया चक्रवर्ती, कॉमेडियन भारती सिंह और थोड़े समय के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ भी जुड़ी रही थीं. लेकिन 8 जून को अचानक खबर आई कि वो मुंबई के मलाड इलाके की एक बिल्डिंग के 14वें माले से गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि उनकी मौत आत्महत्या थी या एक्सीडेंट, ये अभी साफ नहीं हो पाया है. दिशा 28 साल की थीं.
जैसा कि हमने आपको ऊपर बताया, दिशा की मौत को लेकर दबी जुबान में ही सही लेकिन दो तरह की बातें चल रही हैं-
1) मालवानी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए दिशा की मौत और उसके आगे-पीछे की घटनाओं पर प्रकाश डाला है. इंस्पेक्टर जगदेव कलपड़ ने बताया कि दिशा मुंबई के दादर एरिया में अपने मम्मी-पापा के साथ रहती थीं. वो अपने कुछ दोस्तों के साथ डिनर करने के लिए मलाड वेस्ट की एक बिल्डिंग में पहुंची थीं. यहां कुल छह लोग उनके साथ थे. खाना वगैरह निपटाने के बाद ड्रिंक्स चल रहे थे. थोड़ी टिप्सी होने के बाद दिशा अपार्टमेंट की खिड़की तक पहुंचीं और वहां से गिर गईं. ये घटना रात 1 बजे की है. लेकिन इस मामले की जानकारी पुलिस को रात 02:25 मिनट पर दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची, तो दिशा खून में लथपथ जमीन पर पड़ी थीं. उन्हें फटाफट नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उसके बाद उनकी बॉडी को पोस्ट-मॉर्टम और कोविड-19 टेस्ट के लिए कांदिवली के शताब्दी हॉस्पिटल भेज दिया गया.
मलाड वेस्ट की वो बिल्डिंग जिससे गिरकर दिशा की मौत हुई. (तस्वीर- मुंबई मिरर).
मलाड वेस्ट की वो बिल्डिंग जिससे गिरकर दिशा की मौत हुई. (तस्वीर- मुंबई मिरर).

2) दूसरा पक्ष ये है कि दिशा दादर से मलाड अपने मंगेतर रोहन राय से मिलने आई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहन, जनकल्याण नगर में उस बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर रहते थे. एक्टर हैं. कुछ टीवी शोज़ में काम कर चुके हैं. दिशा अपने कुछ दोस्तों के साथ अपने रोहन के यहां डिनर करने पहुंची थीं. इसके बाद वो खिड़की के पास पहुंचीं और अगली चीज़ लोगों को ये पता चली कि दिशा खिड़की से बाहर हैं. वो गिरी या कूद गईं, इस बात पर संशय बरकरार है. हालांकि दिशा के माता-पिता ने उनकी बेटी की मौत के पीछे किसी का हाथ होने की बात से इन्कार किया है. पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं. लेकिन दिशा के पैरेंट्स ने किसी के खिलाफ कोई कंप्लेंट दर्ज नहीं करवाई है.
एक इवेंट के दौरान दिशा सालियान.
एक इवेंट के दौरान दिशा सालियान.

दिशा सालियान कॉर्नरस्टोन स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट नाम की सेलेब्रिटी टैलेंट मैनेजमेंट फर्म में काम करती थीं. इस कंपनी के मालिक हैं बंटी सजदेह, जो एक्टर-फिल्ममेकर सोहैल खान के साले हैं. और सोहैल खान, सुपरस्टार सलमान खान के भाई हैं. सोहैल की शादी बंटी की बहन सीमा के साथ हुई है. बंटी की कंपनी कॉर्नरस्टोर ही विराट कोहली, इशांत शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, उमेश यादव और सुनील छेत्री समेत कई एथलीट्स को मैनेज करती है. दिशा इसी कंपनी के एंटरटेनमेंट टैलेंट मैनेजमेंट टीम का हिस्सा थीं. दिशा के माता-पिता ने पुलिस से बात करते हुए बताया कि दिशा पिछले कुछ समय से अपने फ्यूचर और करियर को थोड़ी चिंतित थीं. लेकिन एग्जैक्ट क्या मामला था, ये उन्हें भी नहीं पता.
दिशा के पुराने क्लाइंट और एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने इंस्टाग्राम पर दिशा और उनके परिवार के लिए शोक संदेश लिखा.
दिशा के पुराने क्लाइंट और एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने इंस्टाग्राम पर दिशा और उनके परिवार के लिए शोक संदेश लिखा.

इससे पहले दो मशहूर सेलेब्रिटीज़ भी ऐसे ही गुज़रे थे
ये पहली बार नहीं जब शोबिज़ से जुड़े किसी शख्स के बिल्डिंग या बालकनी से गिरकर मरने पर इतना बवाल मचा है. इससे पहले 1993 में एक्ट्रेस दिव्या भारती की अपनी बिल्डिंग के पांचवें माले से गिरने की वजह से मौत हो गई थी. ये आज तक पता नहीं चल पाया कि कि दिव्या अपनी बालकनी से गिरी थीं, कूदी थीं या किसी ने उन्हें धक्का दे दिया था. 2011 में देव आनंद ने दिव्या भारती मामले पर 'चार्जशीट' नाम की फिल्म बनाई थी, जो उनके करियर का आखिरी प्रोजेक्ट साबित हुआ है. 1994 में 'अमर अकबर एंथनी', 'नसीब' और 'मर्द' जैसी फिल्में बनाने वाले मनमोहन देसाई के साथ भी कुछ ऐसा हुआ है. वो अपनी बालकनी से गिरकर मर गए. कुछ लोग कहते कि वो अपने डूबते करियर को लेकर डिप्रेशन में थे इसलिए आत्महत्या कर ली. वहीं कुछ लोगों का मानना ये था कि वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उसी चक्कर में वो गलती से बालकनी से गिरकर मर गए.


वीडियो देखें: जब ‘दिल क्या करे’ के शूट के समय महिमा चौधरी के चेहरे में कांच के 67 टुकड़े घुस गए थे

Advertisement

Advertisement

()