The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Himachal Pradesh heavy rainfall Salahuddin Babar Khan died in landslide in phagli shimla

हिमाचल भूस्खलन में दूसरों की जान बचाते हुए आकाशवाणी प्रेजेंटर बाबर खान की मौत

बाबर ने मलबे से लोगों को निकालने की भी कोशिश की. लेकिन तभी दूसरी बार भूस्खलन हुआ. और वे भी इसके मलबे में दब गए.

Advertisement
pic
16 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 16 अगस्त 2023, 03:39 PM IST)
AIR news presenter Salahuddin Babar Khan died in landslide in Shimla, Himachal Pradesh.
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से भूस्खलन, आकाशवाणी के न्यूज़ प्रजेंटर बाबर खान की मौत. (फोटो क्रेडिट - ट्विटर/पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते हर तरफ तबाही मची हुई है. सबसे ज़्यादा नुकसान राजधानी शिमला में हुआ है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां फागली में 2 बार भूस्खलन हुआ जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है. इनमें आकाशवाणी पर समाचार सुनाने वाले सलाउद्दीन बाबर खान भी शामिल हैं.

बाबर 14 अगस्त को फागली में अपने घर पर थे. तब यहां पर भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में 4-5 घर आ गए. इसके मलबे में बाबर का छोटा भाई फंस गया. वे उसे बचाने के लिए मलबे में उतरे. भारी बारिश जारी थी. बाबर ने मलबे से और लोगों को निकालने की भी कोशिश की. लेकिन तभी दूसरी बार भूस्खलन हुआ. और वे भी इसके मलबे में दब गए. सोशल मीडिया पर कुछ पत्रकारों और यूजर्स का भी कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश के दौरान बाबर की मौत हो गई.

आकाशवाणी पर न्यूज़ प्रेजेंटर थे बाबर

लगातार हो रही बारिश की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन भी ठीक तरह नहीं हो पा रहा है. ऐसे में दोपहर बाद बाबर खान का शव मलबे से निकाला गया. वे शिमला में आकाशवाणी से समाचार पेश करते थे.

रेस्क्यू में NDRF के जवानों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, लेकिन बाबर खान को नहीं बचाया जा सका. रिपोर्ट्स में बताया गया कि इलाके के पूर्व पार्षद संजय सूद ने बाबर खान की शिनाख्त की. शिमला AIR न्यूज़ ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा,

"शिमला के फागली लैंडस्लाइड में आकाशवाणी शिमला की खूबसूरत आवाज़, बाबर खान (सलाउद्दीन खान) की  दुःखद मौत. आकाशवाणी परिवार की तरफ से सलाउद्दीन खान को विनम्र श्रद्धांजलि."

हिमाचल प्रदेश में पिछले 3 दिनों से भारी बारिश जारी है. कई जगहों पर भूस्खलन भी हुए. इसके चलते शिमला में एक शिव मंदिर ढह गया. उसके मलबे में करीब 50 लोग दब गए थे. वहीं सोलन में बादल फटने से 7 लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस तबाही में हिमाचल और उत्तराखंड में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

वीडियो: हिमाचल प्रदेश: किन्नौर में हुए लैंडस्लाइड के दौरान जान गंवाने वालों की कहानी हिलाकर रख देगी

Advertisement

Advertisement

()