बीजेपी ने हिमाचल से 11 वादे किए, जानिए OPS पर क्या कहा?
महिलाओं के लिए 11 वादों का अलग घोषणापत्र जारी किया गया है.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार, 6 नवंबर को शिमला में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया. अपने संकल्प पत्र में बीजेपी ने 11 वादे किए हैं. वहीं महिलाओं के लिए 11 संकल्पों का एक अलग घोषणापत्र जारी किया गया है. घोषणापत्र जारी करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल में यूनिफॉर्म सिविल कोड लाएंगे.
बीजेपी के संकल्प पत्र में किए गए वादे- हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किया जाएगा. इसके लिए एक्सपर्ट्स की एक कमेटी बनाई जाएगी.
- 8 लाख नये रोजगार दिए जाएंगे.
- सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा.
- प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों को विकसित किया जाएगा. हिमतीर्थ पर्यटक सर्किट शुरू किया जाएगा.
- शहीद सैनिकों के परिजनों के लिए सहायता राशि बढ़ाई जाएगी.
- युवाओं के लिए 900 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया जाएगा.
- सेब पैकेजिंग पर जीएसटी को 12% तक सीमित किया जाएगा.
- प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंग और मोबाइल क्लीनिक वैन दोगुने किए जाएंगे.
- वक्फ संपत्तियों का सर्वे किया जाएगा. इनके अवैध उपयोग की जांच कराई जाएगी.
- सरकारी कर्मचारियों के वेतन की समस्याएं दूर की जाएंगी.
- छोटे किसानों को 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी.
महिलाओं के लिए BJP का अलग घोषणापत्रBJP ने राज्य में महिलाओं के लिए एक अलग घोषणापत्र जारी किया है. इसे स्त्री शक्ति संकल्प के नाम से जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण और 6-12वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए साइकिल दी जाएगी.
जेपी नड्डा ने कहा कि बीपीएल परिवार की बेटियों को शादी पर 51 हजार रुपए दिए जाएंगे. साथ ही स्कूली छात्राओं को साइकिल और उच्च शिक्षा ले रही बेटियों को स्कूटी दी जाएगी. महिलााओं को होमस्टे बनाने के लिए ब्याज मुक्त कर्ज देने और स्वयं सहायता समूह की कर्ज राशि बढ़ाने का भी वादा किया गया है. माता और नवजात की देखभाल के लिए महिलाओं को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे. घोषणा पत्र के मुताबिक देवी अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब महिलाओं को 3 रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा.
नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि गरीब परिवार की 30 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को अटल पेंशन योजना में शामिल किया जाएगा. उचित मूल्य की दुकानों से मवेशियों के चारे की खरीद और वितरण का आसान सिस्टम बनाया जाएगा. वहीं हिमकेयर कार्ड से कवर न होने वाली बीमारियों के इलाज के लिए महिलाओं को स्त्री कार्ड दिए जाएंगे.
ओल्ड पेंशन स्कीम पर BJP ने क्या घोषणा की है?बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) स्कीम को लेकर कोई घोषणा नहीं की है. ओल्ड पेंशन स्कीम का मुद्दा पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्माया हुआ है. एक दिन पहले ही शनिवार, 5 नवंबर को कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया था. कांग्रेस ने अपने 'प्रतिज्ञा पत्र' में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, युवाओं के लिए 5 साल में 5 लाख नौकरी देने, 350 यूनिट तक बिजली फ्री करने और पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने सहित कई वादे किए हैं.
वीडियो- हिमाचल इलेक्शन 2022: HPU की लड़कियों ने हॉस्टल, पढ़ाई, चुनाव सब पर खुलकर बात की

.webp?width=60)

