गुड़गांव में परिवार पर हमले की जो कहानी पीड़ितों ने बताई वो रोंगटे खड़े करती है
मामले में अभी तक एक की गिरफ्तारी हुई है.

गुड़गांव के भोंडसी इलाके का एक वीडियो बहुत वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर कई लोग इसे शेयर कर रहे हैं. अपना गुस्सा ज़ाहिर कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि 10 से 15 लोग एक घर में घुसे हैं. वे घरवालों को लाठी-डंडे और हॉकी स्टिक से पीट रहे हैं. पिटाई का ये वीडियो घर के ही किसी सदस्य ने मकान की छत से बनाई है. वीडियो में इतनी चीख पुकार मच रही है कि हमारे लिए उसे दिखाना संभव नहीं है. कुछ स्क्रीन शॉट्स लगा रहे हैं. इसी से आप समझ जाइये कि उस वक्त कितना खौफ होगा जब गुंडे घर में घुस कर लोगों की पिटाई कर रहे थे.

वायरल हो रहे वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट. इसी में गुंडे घर के लोगों की पिटाई कर रहे हैं
अब पूरा मामला समझिए
ये घटना होली की शाम यानी 21 मार्च की है. होली की ही शाम एक ही परिवार के 15-16 लोग पास के ही ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहे थे.पीड़ित परिवार के मुताबिक जब वो क्रिकेट खेल रहे थे तभी बाइक पर दो लोग आए. दोनों शराब के नशे में थे. आते ही उन्होंने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया. जब लोगों ने उनका विरोध किया तो उसमें से एक युवक ने पीड़ित को थप्पड़ मार दिया. चूंकि वो सभी मुस्लिम थे उन्होंने कहा- कि जाओ पाकिस्तान जाओ. इसके बाद वे चले गए.
विवाद होने के बाद पीड़ित परिवार अपने घर लौट आए. उन्हें लगा मामला खत्म हो गया है. लेकिन मामला उसी जगह खत्म नहीं हुआ था. घर लौटने के कुछ ही देर के बाद वो लोग फिर से आए. इस बार 2 की जगह वो 10 से 15 की संख्या में थे. सभी के हाथ में डंडे, लाठी और हॉकी स्टिक थे. उन्होंने फिर से गाली गलौज शुरू कर दी. फिर वो घर में घुसे. घर के बाहर में जो दिखे उनकी पिटाई शुरू कर दी. घर में चूंकि काफी लोग थे इसलिए कुछ लोग घर की छत पर चले गए और कुछ लोग कैंपस में मौजूद लोगों को बचाने चले गए. इसमें कुछ महिलाएं भी थीं. लेकिन जो गुंडे आए थे उन्हें जो मिले, उन्होंने सभी की पिटाई की. वीडियो में ये सारी चीज़ें साफ दिख रही है. उन्होंने महिलाओं को भी नहीं बख्शा.
पीड़ित परिवार का कहना है कि गुंडों ने छत पर भी घुसने की कोशिश की. क्योंकि वो घर में मौजूद सभी लोगों की पिटाई करना चाहते थे. वीडियो में ये साफ दिख रहा है कि घर की महिलाएं और कुछ लोग छत पर छिपे हैं और छत के दरवाजे को ज़ोर से पकड़े हैं ताकि गुंडे छत पर नहीं पहुंच पाए. ये सारी बातें पीड़ित परिवार ने भी बताई और वीडियो देखने पर भी कुछ ऐसा ही समझ में आ रहा है.

छत के दरवाजे को पकड़े घर के लोग, ताकि गुंडे छत पर ना चढ़ सके. वीडियो में घर के सभी सदस्य चीख पुकार मचाते दिख रहे हैं
पीड़ित परिवार का ये भी कहना है कि वो लगातार पुलिस को फोन कर रहे थे. लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची और वे मारपीट करके फरार हो गए. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया.
अब इस मामले में पुलिस ने महेश नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. घटना की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है. महेश से ही पूछताछ में बाकी के भी आरोपियों की पहचान हो गई है. जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.S Singh, ACP(Crime)Gurugram: A case registered at Bhondsi police station that when children of a local were playing cricket,a few men came there, threatened them asking them not to play cricket there&attacked them with sticks&swords.Accused will be identified&arrested soon.(22.3) pic.twitter.com/X0czlTlQ8s
— ANI (@ANI) March 22, 2019

