GST कलेक्शन के मामले में दिसंबर में तो रिकॉर्ड ही बन गया
GST लागू होने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है.
Advertisement

जीएसटी कलेक्शन में दिसंबर में रिकॉर्ड बन गया है. GST लागू होने के बाद किसी भी महीने के मुकाबले सबसे अधिक कलेक्शन हुआ है. (फाइल फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
दिसंबर महीने के गु़्ड्स एंड सर्विसेज टैक्स यानी कि GST के आंकड़े आ गए हैं. दिसंबर 2020 में 1.15 लाख करोड़ रुपए का GST कलेक्शन हुआ. जुलाई 2017 से देश में GST लागू होने के बाद यह सबसे ज्यादा है. इससे पहले का रिकॉर्ड 1.14 लाख करोड़ रुपए का था, जो अप्रैल 2019 बना था. वित्त मंत्रालय का कहना है कि चोरी और फेक बिल के खिलाफ देशभर में चलाए गए अभियान के कारण भी GST कलेक्शन बढ़ा है.
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिसंबर 2020 में सकल जीएसटी राजस्व 1,15,174 करोड़ रुपये रहा. वस्तु एवं सेवा कर GST लागू होने के बाद किसी भी महीने के मुकाबले यह सबसे अधिक है. बयान में कहा गया, यह पिछले 21 महीनों में सबसे अधिक मासिक राजस्व वृद्धि है. यह महामारी के बाद तेज आर्थिक सुधार और GST चोरी और फर्जी बिल के खिलाफ चलाए गए देशव्यापी अभियान, और व्यवस्थागत बदलावों के चलते संभव हुआ.
नवंबर से 31 दिसंबर तक कुल 87 लाख GSTR-3B रिटर्न दाखिल किए गए. GST राजस्व में सुधार के हालिया रुझानों के अनुरूप राजस्व संग्रह ने लगातार तीसरे महीने एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार किया. दिसंबर 2020 में कुल राजस्व संग्रह दिसंबर 2019 के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक था. दिसंबर में केंद्रीय GST संग्रह 21,365 करोड़ रुपये, राज्य GST संग्रह 27,804 करोड़ रुपये, एकीकृत GST 57,426 करोड़ रुपये (वस्तुओं के आयात पर एकत्र 27,050 करोड़ रुपये सहित) और उपकर 8,550 करोड़ रुपये (आयात पर एकत्र 971 करोड़ रुपये सहित) रहा. कोरोना और लॉकडाउन की वजह से मार्च से GST कलेक्शन घटने लगा था. मार्च में GST कलेक्शन 97 हजार 597 करोड़ रुपए रह गया था. अप्रैल में तो यह सिर्फ 32 हजार 172 करोड़ रुपए रह गया जो अब तक का सबसे कम है.✅GST Revenue collection for December 2020 recorded all time high since implementation of GST ✅The gross GST revenue collected in the month of December 2020 is ₹ 1,15,174 crore
Read more➡️ https://t.co/efdpXZaKx8#IndiaFightsCorona pic.twitter.com/wd6pGiweSi — Ministry of Finance (@FinMinIndia) January 1, 2021
मई में GST कलेक्शन 62,151 करोड़ रुपए, जून में 90,917 करोड़ रुपए, जुलाई में 87,422 करोड़ रुपए, अगस्त में 86,449 करोड़ रुपए, सितंबर में 95,480 करोड़ रुपए, अक्टूबर में 1,05,155 करोड़ रुपए और नवंबर में 1,04,963 करोड़ रुपए रहा.

