The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Greg Chappell Offers Indian Star Virat Kohli Key Advice, Reveals Unheard Chat With Sachin Tendulkar

'ये किया तो विराट वर्ल्ड कप में कमाल करेंगे... ', कोहली को पूर्व क्रिकेटर ने फाड़ू सलाह दी है

सचिन वाला कौन सा रास्ता विराट को दिखाया है?

Advertisement
pic
20 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 20 अगस्त 2023, 07:36 PM IST)
Greg Chappell Recalls Sachin Tendulkar's Anecdote, Advises Virat Kohli Ahead Of ODI World Cup
विराट को सचिन वाली सलाह दी गई है (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ODI World Cup 2023 की तैयारियां जोरों पर हैं. 12 साल बाद ये टूर्नामेंट भारत में होना है, और भारतीय फ़ैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि घर पर टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और तीसरा वर्ल्ड कप जीतेगी. अगर टीम इंडिया को ये सपना साकार करना है, तो स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली को अपना बेस्ट फॉर्म दिखाना होगा. इंडियन टीम के पूर्व कोच ग्रेग चैपल का मानना है कि विराट अब सचिन तेंडुलकर वाले दौर में ही हैं.

यूट्यूब शो बैकस्टेज विद बोरिया पर बात करते हुए चैपल ने Sachin Tendulkar से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. 2005-07 तक टीम इंडिया के कोच रहे चैपल से सचिन ने कहा था कि उनके लिए बैटिंग करना मुश्किल होता जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए. चैपल ने कहा,

'वो (सचिन) चैंपियन प्लेयर हैं और बड़े मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करना चाहते होंगे. वो हर टूर्नामेंट में अच्छा करने की कोशिश करते होंगे. मैंने कोचिंग करना शुरू ही किया था. एक दिन मैं अपने कमरे में था. मेरा फोन बजा. सचिन ने पूछा कि क्या वो आकर मुझसे बात कर सकते हैं. वो आए और उन्होंने मुझसे कहा, बैटिंग करना और मुश्किल क्यों होता जा रहा है? इसे तो और आसान होना चाहिए, नहीं?'

चैपल ने सचिन को समझाया, क्यों वक्त के साथ बैटिंग करना और मुश्किल हो जाता है.

'जब आप युवा होते हैं, तब आप बॉल को देखकर सिर्फ हिट करते हैं. तब आप केवल रन बनाने के बारे में सोचते हैं, और कुछ नहीं. जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, विपक्षी खिलाड़ी आपके बारे में जानने लगते हैं और फिर उन्हें पता चलता है कि कैसे बेहतर गेंदबाजी करनी है और कैसी फील्डिंग सेट करनी है. तब आपको ये भी एहसास होता है कि उस स्तर पर लगातार प्रदर्शन करना कितना कठिन हो जाता है. हर मैच में रन बनाने के लिए कितनी कड़ी मानसिक मेहनत करनी होती है. अगर आपको वैसा खेलना है, जैसा आप तब खेल रहे थे जब आप युवा थे, आपको वैसे ही सोचना होगा जैसा आप युवा दौर में सोचते थे. और इसका मतलब है कि आपको कुछ बेकार जानकारियों से छुटकारा पाना होता है, अपने गेम को सिंपल रखना होता है और बेसिक चीज़ों पर ध्यान देना होता है.'

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कैप्टन ग्रेग चैपल ने आगे कहा कि विराट कोहली भी अपने करियर के उसी स्टेज पर हैं, जहां उन्हें रन बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि Virat Kohli एक गेमचेंजर हैं. चैपल ने आगे कहा,

'इसके लिए आपको (विराट को) खुद को डीकंप्रेस करना होगा. और (बैटिंग को) सरल रखना होगा. विराट को भी इन मैचों में मानसिक रूप से तरोताजा होकर उतरने की जरूरत है. वो जानते हैं कि इसके लिए उन्हें क्या करना चाहिए. अगर विराट ये हासिल कर लेते हैं, तो उनके लिए टूर्नामेंट (वनडे वर्ल्ड कप 2023) बहुत अच्छा होगा.'

वनडे वर्ल्ड कप का पहला मैच 5 अक्टूबर को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर से करेगा. होम टीम का पहला मैच चेन्नई में पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा.

वीडियो: विराट कोहली के 15 साल पर जय शाह ने ट्वीट किया!

Advertisement

Advertisement

()