स्वतंत्रता दिवस पर सबसे बड़े ऑर्केस्ट्रा पर रिकॉर्ड हुआ 'जन गण मन', लोगे बोले- रोंगटे खड़े हो गए
लंदन के फेमस एबी रोड स्टूडियो में अब तक के सबसे बड़े ऑर्केस्ट्रा के साथ राष्ट्रगान की धुन रिकॉर्ड की गई है. वीडियो में म्यूजिक ‘रोंगटे खड़े कर देने वाला’ है. इसकी तारीफ कई लोगों ने की है.

तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता रिकी केज. रिकी ने भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले देश के राष्ट्रगान 'जन गण मन' का एक वीडियो शेयर किया है. लंदन के फेमस एबी रोड स्टूडियो में अब तक के सबसे बड़े ऑर्केस्ट्रा के साथ राष्ट्रगान की धुन रिकॉर्ड की गई है. वीडियो में म्यूजिक ‘रोंगटे खड़े कर देने वाला’ है. इसकी तारीफ कई लोगों ने की है.
आगे जाने से पहले पाठकों को बता देते हैं कि ऑर्केस्ट्रा क्या होता है. यह एक तरह का सामूहिक संगीत है. इसमें आम तौर पर बड़े वाद्य यंत्रों का इस्तेमाल किया जाता है, क्लासिकल म्यूजिक बजाने के लिए. ये वाद्य यंत्र अलग-अलग म्यूजिक फैमिल से होते हैं. मसलन, फ्लूट, वॉयलन, कीबोर्ड वगैरा-वगैरा. अलग-अलग म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए गाना या गाने की धुन से लोगों को एंटरटेन किया जाता है.
वापस रिकी केज और राष्ट्रगान पर आते हैं. 'जन गण मन' की रिकॉर्डिंग में लंदन स्थित 100 सदस्यीय रॉयल फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा का सहयोग भी है. इसे कुछ दिन पहले स्वतंत्रता दिवस के लिए रिकॉर्ड किया गया था. केज ने इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
"कुछ दिन पहले, मैंने लंदन के फेमस एबी रोड स्टूडियो में भारत के राष्ट्रगान की प्रस्तुति के लिए 100-पीस ब्रिटिश ऑर्केस्ट्रा, द रॉयल फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा (RPO) का आयोजन किया था. यह भारत के राष्ट्रगान को रिकॉर्ड करने वाला अब तक का सबसे बड़ा ऑर्केस्ट्रा है, और यह शानदार है! अंत में 'जय हे' ने मेरे रोंगटे खड़े कर दिए. एक भारतीय संगीतकार के रूप में बहुत अच्छा महसूस हुआ. मैं इस ऐतिहासिक रिकॉर्डिंग को आप सभी के साथ इस स्वतंत्रता दिवस पर शेयर कर रहा हूं. जय हिंद.''
रिकी ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा,
“हमारे राष्ट्रगान का यह वर्जन राष्ट्र को मेरी तरफ से गिफ्ट है. कृपया हर कोई इस रिकॉर्डिंग और वीडियो का उपयोग बेझिझक किसी भी उद्देश्य के लिए कर सकता है - इवेंट, टीवी, रेडियो, स्कूल, कॉलेज, सोशल मीडिया पोस्ट, यूट्यूब… जो भी हो. रॉयल्टी, पैसा, फीस की कोई मांग नहीं होगी, आपको इसके उपयोग के लिए अनुमति मांगने की भी आवश्यकता नहीं होगी. बस यह सुनिश्चित करें कि इसका उपयोग उस सम्मान और प्रतिष्ठा के साथ किया जाए जिसका हमारा राष्ट्रीय गान हकदार है. राष्ट्रगान का यह वर्जन जितना मेरा है उतना ही आपका भी है.”
ये धुन लोगों को भी खूब पसंद आ रही है. इसके वीडियो की तारीफ करते हुए आदित्य शर्मा नाम के यूजर ने लिखा,
“अद्भुत, अद्वितीय. जय हिंद.”
एक यूजर ने लिखा,
"सुन्दर, अंत में रोंगटे खड़े हो गए. बहुत खूब. जय हिन्द."
एक यूजर ने लिखा,
नोट:“हमारे महान राष्ट्र के प्रति आभार व्यक्त करने और अपने साथी भारतीयों के साथ सेलिब्रेशन शेयर करने का यह कितना सुंदर तरीका है! आपको स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. जय हिन्द.”
RPO को यूके के "सबसे अधिक मांग वाले" ऑर्केस्ट्रा के रूप में मान्यता प्राप्त है, जिसकी स्थापना 1946 में सर थॉमस बीचम द्वारा की गई थी - भारत की आजादी से एक साल पहले.
वीडियो: भीगी किताब में राष्ट्रगान और बच्चे परेशान, दिल्ली फल्ड का पानी उतरा तो बच्चों का दर्द तैर गया

