मूसेवाला मर्डर केस में नए गैंगस्टर की एंट्री, कातिलों की जानकारी के बदले 5 लाख देगा भूपी राणा!
हरियाणा की एक जेल में बंद गैंगस्टर भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपी राणा ने गुरुवार 2 जून को मूसेवाला सिद्धू की हत्या को लेकर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया.

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या (Sidhu Moosewala Murder) के मामले में अब एक नए गैंगस्टर की एंट्री हो गई है. हरियाणा की एक जेल में बंद गैंगस्टर भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपी राणा (Bhoopi Rana) ने गुरुवार 2 जून को मूसेवाला सिद्धू की हत्या को लेकर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया. हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस पोस्ट में भूपी राणा ने घोषणा की कि सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों के बारे में जानकारी देने वाले को वो 5 लाख रुपये का इनाम देगा.
खबर के मुताबिक करनाल की जेल में बंद भूपी राणा के सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए पोस्ट में कहा गया है-
हमारा सिद्धू मूसेवाला के साथ कोई संबंध नहीं था. लेकिन अब अगर उसे हमारा भाई कहकर मार दिया गया है, तो हम अपनी जिम्मेदारी जानते हैं. सभी से निवेदन है कि अगर किसी को मूसेवाला के हत्यारों के बारे में जानकारी है तो हमें बताएं कि वे कनाडा में है या अमेरिका में. जानकारी के लिए 5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा और मुखबिर का नाम गुप्त रखा जाएगा.
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक कुछ समय पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने आरोप लगाया था कि सिद्धू मूसेवाला उसके प्रतिद्वंद्वी दविंदर बंबीहा गैंग के साथ काम कर रहा था और भूपी राणा भी उसी गैंग के साथ काम करता है. खबर के मुताबिक बुधवार रात एक अन्य पोस्ट में भूपी राणा गैंग ने कहा-
हम मूसेवाला को वापस नहीं ला सकते, लेकिन उसकी हत्या का बदला जरूर ले सकते हैं.
उधर मूसेवाला की हत्या की जांच कर रही SIT के सदस्य ने कहा कि जेल में बंद गैंगस्टरों के नाम के सोशल मीडिया खातों को सीधे उनके साथ नहीं जोड़ा जा सकता. एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए अखबार को बताया-
पंजाब पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर डाली गई सभी पोस्ट और हाल ही में अलग अलग सोशल मीडिया अकाउंट्स से मिली धमकियों की जांच कर रही है.
यहां साफ कर दें कि दी लल्लनटॉप ऐसे किसी भी पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है.
देखें वीडियो- मूसेवाला की हत्या में आ रहा बम्बिहा गैंग का नाम, जानें पूरी कहानी

