The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Gadar 2 starring Sunny Deol, Ameesha Patel returns: Here is all you need to know

'गदर 2' आ रही है, इस बार क्या करेगा तारा सिंहः फ़िल्म की 5 बातें जो आप जानना चाहेंगे

क्या हो सकती है गदर 2 की कहानी? कब रिलीज़ होगी?

Advertisement
pic
1 दिसंबर 2021 (अपडेटेड: 1 दिसंबर 2021, 05:11 PM IST)
Img The Lallantop
हाथ में फ़लों की पेटी पकड़े सनी देओल. (फ़ोटो 'गदर 2' के पहले दिन की शूटिंग की है.)
Quick AI Highlights
Click here to view more
ये खबर हिंदुस्तानियों के लिए तो है ही, पाकिस्तानियों के लिए भी है. और सभी पाकिस्तानी भाइयों को सूचित किया जाता है कि अपने घर के हैंडपंप, नलके, टोंटियां सभी संभाल के रख लें. कानों में डालने के लिए रुई का इंतज़ाम भी करके रख लें. क्योंकि तारा सिंह एक बार फिर पाकिस्तान जाने वाला है. क्यों? क्योंकि 'गदर-2' आ रही है. शूटिंग शुरू हो गई है. तारा ने सोशल मीडिया पर अनाउंस कर दिया है. जिन्हें 'गदर-2' का नॉस्टेलजिया है उनके लिए भी, उसके जिंगोइज़्म से एतराज़ है उनके लिए भी और जिन्हें सीक्वल के एक्शन का इंतजार है उनके लिए भी, आइए बताते हैं फ़िल्म की 5 वो बातें जो आप ज़रूर जानना चाहेंगे. 1. कैसे दिखेंगे सनी देओल,अमीषा के किरदार?  तकरीबन पहली फ़िल्म जैसे ही दिखेंगे. थोड़ा ऐजेड हो गए हैं हालांकि. उनके किरदारों तारा सिंह और सकीना का फर्स्ट लुक भी आ गया है. इसमें सनी के सिर पर सफ़ेद पग्ग है और बदन पर लाल कुर्ता. हाथ में संतरे की पेटी भी है. एक बार तो ऐसा लगता है कि तारा सिंह एक्शन कम और प्यार मोहब्बत से ज्यादा चलेगा. लेकिन ऐसा कैसे हो सकता है. ख़ैर, ये हैं सनी और अमीषा के लुक. 2. क्या है 'गदर-2' की कहानी? इस फ़िल्म की कहानी और स्क्रिप्ट पर डायरेक्टर अनिल काफी वक्त से काम कर रहे थे. उनके राइटर्स की टीम उधेड़बुन में जुटी थी कि सीक्वल में हीरो क्या करेगा. एक रिपोर्ट के मुताबिक काफी कोशिशों के बाद स्क्रीनप्ले पूरा हुआ. और 'गदरः एक प्रेम कथा' की तरह ही इस सीक्वल में भी भारत-पाकिस्तान के कॉन्फ्लिक्ट पर बात होगी और हीरो सनी देओल इस 'शत्रु देश' को थरथरा देंगे. फ़िल्म 'रश्मि रॉकेट' (2021) और 'पी.ओ.डब्ल्यू. - बंदी युद्ध के' (2017) जैसी सीरीज़ के स्क्रीनराइटर अनिरुद्ध गुहा ने इस मूवी की कहानी प्रडिक्ट की. उन्होंने ट्वीट किया कि "तारा और सकीना का बेटा सेना में भर्ती हो गया है. वो एक मिशन पर पाकिस्तान जाता है. जहां उसे पकड़ लिया जाता है. अब अपने बच्चे को बचाने के लिए तारा सिंह एक बार फिर पाकिस्तान जाता है. इस बार दोनों बाप-बेटा मिलकर पाकिस्तानी आर्मी को चित्त करते दिखाई देंगे." ये वैसे तो एक कयास भर है और संभावना ये भी है कि इस बार 'दुश्मन देश' कोई भी हो सकता है. अफगानिस्तान से लेकर चीन तक कोई भी. लेकिन अनिल शर्मा को अपना टारगेट पाकिस्तान ही अच्छा लगता है इसलिए उपरोक्त बातें निर्मूल भी नहीं हैं. बतौर डायरेक्टर अनिल की पिछली फ़िल्म 'जीनियस' (2018) थी जिसमें हीरो का दुश्मन पाकिस्तान का आईएसआई ही था. बाकी 'गदर 2' की कहानी सटीक तौर पर क्या होगी ये ट्रेलर में या फ़िल्म आने के बाद ही पता चलेगा. 3. हीरो कौन होगा - तारा या जीते? गदरः एक प्रेम कथा में क्यूट बच्चे जीते का रोल अनिल शर्मा के बेटे उत्कर्ष ने किया था. वे दोबारा सीक्वल में भी दिखेंगे. अनिल शर्मा कहते हैं कि गदर-2 ऐसी पहली भारतीय फ़िल्म होगी जिसमें एक बच्चा अपना ही टीनएज रोल निभाने परदे पर लौटेगा. सीक्वल में जीते बड़ा हो चुका है. ये रोल करने वाले उत्कर्ष ने बतौर हीरो अपना डेब्यू 'जीनियस' से किया था. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं चली थी. न ही क्रिटिक्स ने उनके काम को उल्लेखनीय बताया था. अब वो सवाल कि हीरो कौन है? सनी या उत्कर्ष? फ़िल्म के मुहुर्त लॉन्च इवेंट में सबकी नज़रें सनी देओल पर थी. वहां वो ही हीरो नजर आ रहे थे. उन्हें प्रस्तुत ही वैसे किया गया. और गदर उत्कर्ष शर्मा (जीते) मचाएं ये कल्पना करना भी मुश्किल है. अगर जीते से गदर कराएंगे तो अनिल के बेटे के करियर को फायदा हो सकता है लेकिन फ़िल्म उतनी न चले. तो अभी सारे तर्क यही कह रहे हैं कि सनी ही हीरो हैं. या तो वो जीते को रेस्क्यू करेंगे या उसके साथ मिलकर ही कुछ करेंगे. कुल मिलाकर ये फ़िल्म सनी देओल के कांधों पर ही है. 4. अमरीश पुरी को कौन रिप्लेस करेगा? सनी, अमीषा के लीड कैरेक्टर्स के अलावा फ़िल्म का तीसरा प्रमुख किरदार था अशरफ अली का. जिसे दिग्गज अमरीश पुरी ने निभाया था. उनके और सनी के बीच के डायलॉग्स आज भी फ़िल्म की हाइलाइट हैं. जैसे कि वो सीन जहां सनी हैंडपंप उखाड़ने वाले सीन में अशरफ अली का नाम चीखकर लेते हैं, तीन बार. 'गदर-2' के मुहुर्त के साथ ही पूछा जाने लगा है कि बाकी सब ठीक है लेकिन अमरीश पुरी की जगह कौन लेगा. एक ट्विटर यूज़र ने लिखा कि उन्हें कोई रिप्लेस नहीं कर सकता है. तो सीक्वल में विलेन के रोल में कास्टिंग का खुलासा अभी नहीं किया गया है. जाहिर है, ये गोपनीयता जरूरी भी है. 5. कब रिलीज़ होगी? अभी फ़िल्म की शूटिंग बस शुरू हुई है. रफ्तार पकड़ेगी. कोई पुष्ट डेट अभी मेकर्स ने दी नहीं है लेकिन पोस्टर पर 2022 की रिलीज़ बता रहे हैं. रहा सवाल थियेटर की रिलीज़ या ओटीटी का तो अगर सब ठीक रहा तो ये थियेटर्स में ही लगेगी क्योंकि मास मूवी है. लेकिन कोविड की अगली वेव अगर लौटती है तो लॉकडाउन वगैरह में रिलीज़ आगे भी खिसक सकती है या ओटीटी का रास्ता भी देख सकती है.

Advertisement

Advertisement

()