The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • G20 summit us president joe biden visit india pm narendra modi ex us president donald trump

ट्रंप धमका रहे थे, अब बाइडन ने भारत पर ऐसा क्या कहा जो उनका मुंह बंद हो जाएगा?

खुलासा खुद भारत में अमेरिकी राजदूत ने किया है...

Advertisement
pic
23 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 23 अगस्त 2023, 05:17 PM IST)
G20 summit is going to be held in india for 7 to 9 september.
जी20 भारत में 7 से 9 सितंबर तक आयोजित हो रहा है. ( तस्वीर साभार- India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘’भारत मेरे लिए दुनिया भर में सबसे महत्वपूर्ण देश है'', ये बात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) ने कही है. इसका खुलासा भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गर्सेटी (Eric Garcetti) ने किया है. गर्सेटी ने इंडियास्पोरा (Indiaspora) जी20 फोरम के एक कार्यक्रम में कहा,

'जब मैं अमेरिका का राजदूत बनकर भारत आ रहा था. तब उन्होंने (बाइडन) मुझसे कहा था कि यह (भारत) दुनिया भर में सबसे महत्वपूर्ण देश है. मेरे खयाल से, इससे पहले किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति (US president) ने ऐसा कुछ नहीं कहा है.'

गर्सेटी ने आगे कहा कि दोनों देशों ने स्पेस सेक्टर में साझेदारी की है और ये साझेदारी यहीं नहीं रुकेगी. अमेरिका और भारत दुनिया के दो सबसे शक्तिशाली देश हैं. भारत और अमेरिका एक साथ दुनिया को आगे ले जा सकते हैं. गर्सेटी ने भारत में बतौर अमेरिकी राजदूत (US ambassador) 100 दिन पूरे किए हैं. उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि उनके कार्यकाल में भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं. ये देखकर उन्हें खुशी हो रही है.

भारत के मुरीद हैं बाइडन 

हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब बाइडन ने भारत को लेकर ऐसा कुछ कहा हो. इसी साल जून में पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के राजकीय दौरे पर गए थे, जहां उन्हें काफी सम्मान दिया गया. मोदी अमेरिका की स्टेट विजिट पर जाने वाले तीसरे नेता हैं. किसी भी नेता की अमेरिका यात्रा तभी स्टेट विजिट मानी जाती है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति उसका न्योता दें. मोदी के भारत लौटने पर बाइडन की तरफ से एक ट्वीट भी किया गया था. इसमें लिखा था,

' संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण दोस्ती में से एक है. यह पहले से कहीं ज्यादा मजबूत, करीब और अधिक गतिशील हुई है.’

ट्रंप का उल्टा राग

एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का भारत के प्रति ये रुख है. दूसरी तरफ हैं, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump). हाल में उनका भारत को लेकर कुछ अलग ही रुख देखने को मिला. ट्रंप ने भारत द्वारा अमेरिकी उत्पादों जैसे हार्ले डेविडसन बाइक वगैरह पर 'भारी टैक्स' का मुद्दा फिर से उठाया. उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि अगर वो 2024 का चुनाव जीतकर अमेरिका के राष्ट्रपति बने तो भारत पर ‘रेसिप्रोकल टैक्स’ (बदले का टैक्स) लगा देंगे. 

ट्रंप पहले भी भारत के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं. अमेरिका का राष्ट्रपति रहते हुए उन्होंने भारत को 'टैरिफ किंग' कहा था. उनका कहना था कि भारत, चीन और जापान जैसे देशों ने अमेरिकी पेपर प्रोडक्ट्स और हार्ले डेविडसन बाइक जैसी चीजों पर भारी टैक्स लगाया है. इससे अमेरिका को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ है.

खैर, फिलहाल सबकी नजरें सितंबर में होने वाले बाइडन के भारत दौरे पर टिकी हैं. बाइडन जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने सितंबर में भारत आने वाले हैं. जी20 शिखर सम्मेलन 7 से 10 सितंबर तक चलेगा. इसमें जी20 सदस्य देशों के अलावा कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के प्रमुख हिस्सा लेंगे. 

Advertisement

Advertisement

()