राजस्थान में चार साल की बच्ची के साथ रेप, आरोपी दारोगा को लोगों ने पीटा, सस्पेंड किया गया
इस घटना पर BJP नेता गहलोत सरकार की जमकर आलोचना कर रहे हैं.

राजस्थान में चार साल की बच्ची के साथ रेप के आरोप में एक सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है. मामला दौसा जिले का है. आरोप है कि 10 नवंबर की दोपहर को सब-इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बच्ची को अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ रेप किया. आरोपी को सस्पेंड भी कर दिया गया है. सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया है.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोग भड़के हुए हैं. 11 नवंबर को बड़ी संख्या में लोगों ने राहुवास थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. खबर है कि आधिकारिक तौर पर पुलिस को सौंपने से पहले लोगों ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर की पिटाई भी की.
मामले पर दौसा के ASP बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ IPC 376, POCSO एक्ट और SC/ST एक्ट की धारा-3 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. एक जांच अधिकारी भी नियुक्त किया गया है.
BJP के निशाने पर गहलोत सरकारइस रेप केस को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. BJP नेता घटना की निंदा करते हुए गहलोत सरकार की जमकर आलोचना कर रहे हैं. BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि BJP ‘बेटी बचाओ’ का नारा दे रही है और कांग्रेस ‘बलात्कारी बचाओ-अपराधी बचाओ’ का. उन्होंने कहा,
“राजस्थान पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों को बचाने के लिए संस्थागत तरीके से कार्रवाई की. तुरंत कोई निलंबन नहीं किया गया. उन दो अन्य पुलिस वालों का क्या हुआ जिन्होंने सबूत मिटाने में आरोपी की मदद की है. क्या राजस्थान पुलिस और सरकार ने उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की? वो किसका इंतजार कर रहे हैं.”
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीजेपी नेता किरोड़ी लाल मीणा अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए. उन्होंने मांग की है कि बच्ची के परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता और एक नौकरी दी जाए. उन्होंने चुनाव आयोग से दखल देने की मांग करते हुए कहा कि पूरे थाने को सस्पेंड किया जाए.
BJP सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि राजस्थान में ये रोज हो रहा है. दावा किया कि राजस्थान में 35 हजार महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न हुआ. उन्होंने आगे कहा,
“ये माहौल बनाया गया है जिसमें राजस्थान कांग्रेस सरकार के विधायकों के PA, विधायकों और मंत्रियों के परिवार वाले शामिल हैं तो आम लोग क्या देखेंगे? यह माहौल बिगाड़ने की बात है. पूरी जिम्मेदारी CM अशोक गहलोत की है.”
तमाम आरोपों पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कहीं भी अपराध हो, वो निंदनीय हैं. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वो ध्रुवीकरण कर रही है.
सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए जयरान रमेश ने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, UP, हरियाणा सबसे ऊपर हैं.

