जागरण में लड़की पर पाकिस्तानी नारे लगाने का आरोप लगा, मम्मी-पापा अरेस्ट, वीडियो में क्या दिखा?
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में गांव वालों ने आरोप लगाया कि 15 साल की लड़की ने जागरण में गा रहे गायक से माइक छीना और 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए. पुलिस ने लड़की समेत नौ लोगों पर FIR की है, फिर जांच में क्या पता चला?

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 'पाकिस्तान समर्थक' नारे लगाने के मामले में पांच लोगों को अरेस्ट किया गया है. कुल नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. FIR में चार नाबालिगों का नाम शामिल है. आरोप है कि 15 साल की लड़की ने जागरण के बीच में 'पाकिस्तान समर्थक' नारे लगाए थे. ग्राम प्रधान ने घटना को बड़ी साजिश का हिस्सा बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
घटना को लेकर ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि जागरण के वक्त पड़ोसी गांव की लड़की ने मंच पर चढ़कर पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए और दंगा भड़काने की धमकी भी दी. आरोप लगाया कि लड़की का ऐसा करना एक बड़ी साजिश का हिस्सा है जिसमें उसके परिवार के सदस्य और उसके पड़ोसी शामिल थे. गांव के कुछ और लोगों ने भी शिकायत दर्ज कराई है. कुछ लोगों ने बाद में चौराहे पर विरोध प्रदर्शन भी किया.
पुलिस ने बताया वीडियो में क्या दिखा?ये घटना जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के चौरी बाजार की है. 23 अक्टूबर की रात को वहां जागरण का आयोजन किया गया. घटना से जुड़े CCTV फुटेज में लड़की मंच पर चढ़कर कुछ लोगों के साथ बहस करती दिख रही है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो क्लिप में आवाज साफ नहीं है, देखने से लग रहा है कि वो कुछ धमकी दे रही है. बस्ती पुलिस ने दावा किया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान-समर्थक नारे लगाने का आरोप झूठा था. उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और सबूतों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अरेस्ट हुए लोगों में लड़की के माता-पिता, बहन और दो पड़ोसी शामिल हैं. लड़की और उसके तीन भाई-बहनों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है. उन पर IPC की धारा 153B (राष्ट्रीय एकता को हानि) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों को शांति भंग करने की कोशिश के आरोप में IPC की धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया.
लड़की के चाचा ने अखबार को बताया कि उन्हें स्थानीय निवासियों से पता चला कि जागरण के दौरान कथित तौर पर उनके समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी जिसको लेकर उनकी भतीजी ने मंच पर जाकर विरोध जताया.

