दो हजार का पहला नकली नोट गुजरात से मिला है मितरों
नोटबंदी भी हुई. लोग कतार में भी लग रहे हैं. मगर जाली नोट तो छपने लगे हैं. अब क्या हो?
Advertisement

INDIA-MODI/CORRUPTION
पुराने नोट बंद हुए अभी महज 15 दिन हुए हैं. जाली नोटों पर नकेल कसने के लिए ये फैसला अहम बताया गया. लेकिन खबर आई कि प्याज वाले से एक आदमी प्याज खरीदकर ले गया और 2 हजार के नोट की फोटोकॉपी थमा गया. लेकिन अब खबर फोटोकॉपी की नहीं है. क्योंकि अब जाली नोट छपने शुरू हो गए हैं. और पहली खेप का पहला नोट गुजरात से सामने आया है. एक आदमी आया और पान शॉप ऑनर को 2 हजार का जाली नोट थमा गया. यानी नए नोट जारी होने से स्विस वाले काले धन की तो वापस हुई ही नहीं थी, अब पता चल रहा है कि जाली नोटों पर भी रोक नहीं लग पाई.
वंश बारोट. अहमदाबाद में रहते हैं. लंदन से MBA किया है. पॉश इलाके जजेज बंगला में उन्होंने आनंद पान शॉप की फ्रेंचाइजी ली है. शॉप पर एक आदमी आया और 2 हजार का नकली नोट दे गया. इस शॉप पर स्नैक्स और ड्रिंक्स मिलती हैं. ये नोट दुकान कैश काउंटर पर मौजूद एम्प्लोई को दिया गया. जब वंश ने वो नोट देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया को वंश ने बताया कि नोट का रंग छुट रहा था. उन्होंने वो नोट अलमारी में रख दिया ताकि 2 हजार के दूसरे नोट से उसका मिलान कर सकें. अगले दिन उन्होंने अलमारी से उस नोट को निकाला और दूसरे नोट से उसका मिलान किया. वंश कहते हैं कि वो हैरान रह गए. नोट लम्बाई में छोटा और चौड़ाई में बड़ा था. कन्फर्म करने के लिए वो सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की ब्रांच गए. लाल दरवाजा पर ये ब्रांच थी. ब्रांच मैनेजर ने बताया कि ये जाली नोट है.वंश ने कहा कि देखने पर नहीं लगता कि वो नकली नोट है. जब ये कन्फर्म हो गया कि ये नकली नोट है तो उन्होंने उस नोट को रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया को सौंप दिया है. वंश ने कहा कि उनकी शॉप में सीसीटीवी कैमरा लगा है लेकिन उसमें पहचान नहीं हो पायी कि वो नोट किसने दिया. ब्रांच मैनेजर ने बताया कि ये फोटो कॉपी नहीं है बल्कि पूरी तैयारी के साथ बनाया गया जाली नोट है. जिसमें सिक्योरिटी स्ट्रिप भी है. गांधी की फोटो और अशोक स्तंभ को भी बाकयदा छापा गया है. जाली नोट मार्केट में आसनी से चलने की एक वजह लोगों को ठीक से इसके फीचर का पता भी नही होना है. लोगों को लग रहा था कि जाली नोट को ख़त्म करने के लिए नए नोट जारी किए गए हैं. अब आसानी से और इतनी जल्दी जाली नोट मार्केट में नही आएंगे. लेकिन ऐसा नही हुआ. जहां लोग नोट की फोटोकॉपी चला दे रहे हैं वहीं अब जाली नोट भी मार्केट में आ गए हैं. तो भय्या बात ऐसी है नोट लेने से पहले अच्छे से जांच परख लेना कि नोट असली है या नहीं.

.webp?width=60)

