असम में राहुल गांधी और कन्हैया कुमार पर FIR; CM हिमंत ने क्या लिखा?
FIR on Rahul Gandhi: राहुल ने कहा था कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं, लेकिन वो कानून नहीं तोड़ेंगे.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर असम में FIR दर्ज हो गई है (FIR against Rahul Gandhi in Assam). 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प हुई थी. जिसके बाद सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा था कि ये असम की संस्कृति का हिस्सा नहीं है.
राहुल गांधी पर दर्ज हुई FIR की जानकारी देते हुए हिमंत ने X पर लिखा,
बैरिकेड्स तोड़े, कानून नहीं तोड़ेंगे“कांग्रेस सदस्यों द्वारा आज हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले के संदर्भ में राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120B/143/147/188/283/353/332/333/427 IPC R/W PDPP एक्ट के सेक्शन 3 के तहत FIR दर्ज की गई है.”
23 जनवरी को राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुवाहाटी पहुंची. राहुल शहर में यात्रा करने की इजाजत मांग रहे थे. लेकिन उन्हें यात्रा के लिए हरी झंडी नहीं मिली. पर उनकी यात्रा शहर की तरफ बढ़ रही थी. जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए. इसी दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई. कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश कर रहे थे.
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैलियां इसी मार्ग से निकली थीं. लेकिन पुलिस हमें ही रोक रही है. राहुल ने कहा कि उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं, लेकिन वो कानून नहीं तोड़ेंगे.
धरने पर बैठे थे राहुलइससे पहले राहुल गांधी ने 22 जनवरी को ये भी आरोप लगाया कि असम में उन्हें अधिकारियों ने एक मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया. राहुल श्री श्री शंकरदेव सत्र में दर्शन के लिए जाने वाले थे. लेकिन प्रशासन ने उन्हें इसकी इज़ाजत नहीं दी. जिसके बाद राहुल समेत कांग्रेस नेताओं ने नगांव में धरना शुरू कर दिया. केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि साफ है कि ‘ऊपर’ से आदेश आया है. राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रशासन ने पहले उन्हें मंदिर जाने की इज़ाजत दी थी. लेकिन फिर उन्हें मंदिर जाने से रोक दिया गया. राहुल ने ये भी कहा कि वो मंदिर सिर्फ हाथ जोड़ने के लिए जाना चाहते थे.
वीडियो: अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बीच राहुल गांधी को किस मंदिर में जाने से रोका गया?

