The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • FBI probe against joe kent who resigned over us attack on iran

जो केंट के खिलाफ चल रही FBI जांच, ईरान युद्ध के विरोध में ट्रंप सरकार से इस्तीफा दिया था

ईरान पर अमेरिकी हमले के विरोध में इस्तीफा देने वाले जो केंट के खिलाफ फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की जांच चल रही है. काउंटर टेररिज्म सेंटर के पूर्व डायरेक्टर केंट ने 17 मार्च को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. रिपोर्ट के मुताबिक इस्तीफे के पहले से उनके खिलाफ जांच चल रही है.

Advertisement
pic
19 मार्च 2026 (अपडेटेड: 19 मार्च 2026, 09:17 PM IST)
Joe Kent Donald Trump counter terrorism fbi
जो केंट के खिलाफ FBI जांच की खबर सामने आई है. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका के काउंटर टेररिज्म सेंटर के डायरेक्टर रहे जो केंट ने इसी हफ्ते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. केंट ने बताया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी हमले की प्रतिक्रिया में उन्होंने इस्तीफा दिया है. लेकिन अब इस मामले में एक नाटकीय मोड़ आता दिख रहा है. खबर आई है कि गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) उनके खिलाफ जांच कर रही है.

द गार्डियन ने सीबीएस न्यूज के हवाले से बताया है कि केंट के खिलाफ यह जांच काउंटरटेररिज्म के डायरेक्टर पद से इस्तीफा देने से पहले शुरू हो गई थी. सीबीएस न्यूज ने इस जांच के बारे में FBI से जवाब मांगा. लेकिन रिपोर्ट लिखे जाने तक FBI ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

FBI की जांच के खबरों के बीच जो केंट ने ईरान पर हमले के विरोध में इस्तीफा देने के बाद अपना पहला मीडिया इंटरव्यू दिया है. राइटविंग कॉमेंटेटर टकर कार्लसन के पॉडकास्ट द टकर कार्लसन शो में उन्होंने दावा किया,

ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर हमले के फैसला से असहमति जताने वाली हर आवाज को बाहर कर दिया था. कई महत्वपूर्ण लोगों को राष्ट्रपति के सामने अपनी राय देने की अनुमति नहीं दी गई.

जो केंट इस इंटरव्यू में सीधे तौर पर राष्ट्रपति ट्रंप को निशाने पर लेने से बचते नजर आए. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप युद्ध से जुड़े फैसले लेने के लिए वाइट हाउस में एक छोटे से ग्रुप पर निर्भर थे. वे हमलों के पीछे की खुफिया जानकारी और रणनीतिक समझ पर सवाल उठाने वाले अधिकारियों को दरकिनार कर देते थे. 

जो केंट ने बताया कि इस बात का कोई सबूत नहीं था कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने के करीब था. या फिर अमेरिका के लिए तत्काल कोई खतरा पैदा कर रहा था. उन्होंने कहा, 

ऐसी कोई खुफिया जानकारी नहीं थी जिसमें बताया गया हो कि 1 मार्च को ईरान एक बड़ा गुप्त हमला करने वाला है. वो 9/11 या फिर पर्ल हार्बर जैसी कोई घटना को हंजाम देने वाला है. या हमारे किसी अड्डे पर हमला करने वाला है.

जो केंट ने आरोप लगाया कि इजरायल ने राष्ट्रपति ट्रंप को ईरान पर हमले के लिए मजबूर किया. इससे पहले 17 मार्च को इस्तीफा देते समय भी केंट ने इसी तरह के आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि यह युद्ध इजरायल और उसकी शक्तिशाली अमेरिकी लॉबी के दबाव में शुरू किया गया है. 

वीडियो: दुनियादारी: क्या ट्रंप ईरान-अमेरिका जंग में अकेले पड़ गए?

Advertisement

Advertisement

()