बाप पर आरोपः दो साल तक बेटी का रेप किया, दांतों से चबाकर उसकी नाक काट ली
पैसे देकर दूसरे लड़के से रेप करवाने का भी आरोप है.
Advertisement

Father Raped Daughter का यह मामला जोधपुर के लूणी थाना इलाके का है. थाने की फोटो बाईं ओर है. दाईं ओर पीड़िता के दादा के फोटो. (दोनों फोटो हमारे सहयोगी नवीन दत्त ने भेजी हैं))
राजस्थान का जोधपुर जिला. यहां का लूणी थाना इलाका. एक बेहद ही शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी का लगातार बलात्कार किया. उसे शक था कि पत्नी का किसी और से संबंध है और बेटी उसकी नहीं है. आरोपी पिता ने अपनी बेटी की नाक तक काट ली. पीड़िता को बचाने के लिए उसके दादा ने उसे एक अलग कमरा दिलाया था. आरोप यह भी है कि यहां पर एक युवक ने पीड़िता को 28 दिन तक बंधक बनाकर लगातार उसका बलात्कार किया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है मामला?
स्थानीय पत्रकार नवीन दत्त की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता की उम्र 15 साल है. उन्होंने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी पिता कई साल से उसका रेप कर रहा था. साथ ही मार-पीट भी करता था. नवीन दत्त की रिपोर्ट के मुताबिक,
"समाज के दबाव के कारण पीड़िता कभी भी इस बारे में बता नहीं पाई. लेकिन उसके दादा-दादी को इस बात की जानकारी थी. अपने बेटे से अपनी पोती को बचाने के लिए दादा ने पड़ोस के गांव में एक कमरा दिला दिया. लेकिन यहां पर भी बेटी के ताऊ ने एक युवक को पचास हजार रुपये देकर अपनी भतीजी का बलात्कार कराया. दूसरे आरोपी युवक ने लगातार 28 दिन तक पीड़िता को नशे की गोलियां दीं और उसका रेप किया. ऐसे आरोप पीड़िता के दादा ने लगाए हैं. पीड़िता जैसे तैसे भागकर अपने घर वापस पहुंची."नवीन दत्त की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि घर लौटने के बाद पिता ने फिर से लड़की का रेप करना शुरू कर दिया. उसने उसकी नाक अपने दांतों से काट ली. नाक की सर्जरी के लिए पीड़िता को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.
सांकेतिक फोटोयहां पर भी पीड़िता ने डर की वजह से रेप की बात नहीं बताई. पुलिस आई तो केवल मारपीट की बात पीड़िता ने बताई. इस दौरान एक NGO ने पीड़िता से मुलाकात की. इसके बाद पीड़िता ने अपने पिता के खिलाफ लूणी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई.
इंडिया टुडे से जुड़े शरत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पिता को यह शक था कि उसकी पत्नी चरित्रहीन है. जिसके चलते उसने अपनी पत्नी को भगा दिया था. तब पीड़िता की उम्र मात्र तीन साल थी. आरोपी पिता अपनी बेटी को हिकारत से देखता था. पीड़िता के दादा-दादी ही उसका ख्याल रखते थे. शिकायत के मुताबिक, पीड़िता जब 13 साल की हुई, तभी से उसके पिता ने रेप करना शुरू कर दिया. पुलिस ने क्या किया? इस मामले में जो कुछ भी कार्रवाई हुई, उसकी जानकारी के लिए हमने लूणी थाने की SHO परमेश्वरी को फोन किया. उन्होंने हमें बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने आगे बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ IPC की धाराओं 341, 323, 326, 354 और 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं पॉक्सो एक्ट की धारा 5 भी लगाई गई है.
पुलिस ने पीड़िता को 28 दिन तक बंधक बनाकर बलात्कार करने की बात अभी नहीं मानी है. इस संबंध में भी हमने सब इंस्पेक्टर परमेश्वरी से सवाल पूछे. जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि लड़की अभी भर्ती है. शुरुआती तौर पर जो बयान दर्ज हुए हैं, उसके आधार पर अभी तक की कार्रवाई हुई है. पीड़िता का एक और बयान लिया जाना है. अगर वो उसमें 28 दिन तक बलात्कार का आरोप लगाती है, तो पुलिस कार्रवाई करेगी.
पिछले साल जून में भी जोधपुर में ऐसा ही मामला सामने आया था. राजस्थान पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के पलसाना के रानोली थाना इलाके में एक बाप को अपनी नाबालिग बेटी का बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पीड़िता ने शिकायत में दो महीने तक बलात्कार होने की बात कही थी. रिपोर्ट के मुताबिक उसने यह भी बताया कि आरोपी पिता उसे जान से मारने की धमकी देता था.

.webp?width=60)

