वो 9 गाने, जिन्हें सुनकर किसान आंदोलन में 44 दिन से टिके हुए हैं!
किसान एंथम लिखने वाला गीतकार फिलहाल जेल में है.
Advertisement

किसान आंदोलन पर बने 9 गानों की लिस्ट आपके लिए लाए हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more
7 जनवरी 2021 को किसानों ने दिल्ली के चौतरफ़ा बने पेरिफिरल हाइवे (कुंडली-पलवल-मानेसर हाइवे) पर ट्रैक्टर मार्च किया. ये ट्रैक्टर मार्च पहले 30 दिसंबर 2020 को होना था. पर सरकार से बातचीत का दौर दोबारा चला तो इसे 7 जनवरी टाल दिया गया था.
लल्लनटॉप ने किसान आंदोलन के हर मोर्चे से ग्राउंड रिपोर्ट्स आपतक पहुंचाई हैं. हमने किसान आंदोलन के जो गीत सिंघु, टिकरी, ग़ाजियाबाद, शाहजहांपुर और बुराड़ी मोर्चे में सुने, वो आपसे शेयर कर रहे हैं. आप भी सुनिए किसानों के ट्रैक्टर्स पर बजते आंदोलन के ये गीत.
1. गीत- ऐलान गायक- कंवर ग्रेवाल
ये किसान आंदोलन के उस दौर का गाना है, जब मोर्चे दिल्ली की हदों पर नहीं लगे थे. गाना 10 अक्टूबर 2020 को लॉन्च हुआ था. सवा महीने बाद 26 नवंबर को जब किसान दिल्ली पहुंचे तो उनकी ज़ुबान पर बोल थे-तैनू दिल्लीए, ए कट्ठ परेशान करूगा, पर फसलां दे फैंसले किसान करूगा यानी दिल्ली (सत्ता) तुझे ये हुजूम (एकता) परेशान करेगा, फसलों के फैसले किसान करेगा
2. गीत- असीं बड्डांगे गायक- हिम्मत संधू
हिम्मत संधू का ये गाना 24 सितंबर को आया था. पंजाब से निकले किसान आंदोलन के शुरुआती गीतों में से एक. इसकी एक लाइन हमें कवरेज के दौरान किसानों से सुनने को मिली-किसी दे पेयो दी नी जगीर बट्टां साडियां, आशक़ असीं ते हीर बट्टां साडियां यानी हमारे खेत किसी के बाप की जागीर नहीं है, हम आशिक़, हमारी हीर हमारे खेत हैं.
3. गीत- पेचा गायक- कंवर ग्रेवाल और हर्फ़ चीमा
कंवर ग्रेवाल और हर्फ़ चीमा पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के उन चुनिंदा नामों में से हैं, जो आंदोलन के शुरुआती दिनों से किसानों के बीच हैं. इनका गाना "पेचा" किसानों के दिल्ली कूच से 5 दिन पहले, 21 नवंबर को रिलीज़ हुआ था. इस गाने में केंद्र सरकार से सीधी टक्कर के लिए तैयारी की बात कही गई है -"खिच्च लै जट्टा, खिच्च तैयारी, पेचा पै गया सेंटर नाल"
4. गीत- सुन दिल्ली'ए गायक- राजवीर जंवदा
तेरे मन च ना रै जे कोई शक दिल्ली'ए, लैके मुड़ांगे, पंजाब असीं हक़ दिल्ली'ए.ये गाना दिल्ली के बॉर्डर्स पर आंदोलन शुरू होने के बाद आया. आया क्या, बस कुछ ही घंटों में छा गया! 1 दिसंबर को लॉन्च हुए इस गाने को अकेले यूट्यूब पर ही 4 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं.
5. गीत- पंजाब बोलदा गायक- रणजीत बावा
रणजीत बावा पंजाबी म्यूज़िक को बीते सालों में कई हिट गाने दे चुके हैं. किसान आंदोलन के दौरान 7 दिसंबर को लॉन्च हुए रणजीत बावा का गाने 'पंजाब बोलदा' को क़रीब 19 मिलियन बार देखा जा चुका है. बावा ने गाने की शुरुआत में ही कंगना रणौत पर टिप्पणी की है. कंगना पंजाब की बुज़ुर्ग महिला महिंदर कौर पर दिए विवादित बयान को लेकर पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के निशाने पर हैं.6. गीत- किसान एंथम गायक- जस्स बाजवा, मनकिरत औलख
किसान एंथम में पंजाब के 10 कलाकारों का योगदान है. जस्स बाजवा, मनकिरत औलख के साथ-साथ निशान भुल्लर, जोर्डन संधू, फ़ाज़िलपुरिया, दिलप्रीत ढिल्लों, डीजे फ्लो, श्री बराड़, अफ़साना ख़ान और बॉबी संधू ने इसमें अपनी आवाज़ दी है. यूट्यूब पर इसके वीडियो को 16 मिलियन बार देखा जा चुका है. इसका एक एनिमेटड वर्ज़न भी आया है, उसे सोशल मीडिया पर ख़ासा पसंद किया जा रहा है. इस गाने को लिखने वाले श्री बराड़ को पंजाब पुलिस ने 5 जनवरी को गिरफ़्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, ये कार्रवाई किसी दूसरे गाने में हथियारों के महिमामंडन के लिए हुई है. हालांकि कलाकार और किसान नेता पुलिस के दावे से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखते और केंद्र-राज्य सरकार पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं.7. गीत- ज़ालम सरकारां गायक- गिप्पी ग्रेवाल
पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल ने किसानों के समर्थन में ज़ालम सरकारां गाना बनाया है. सिंघु और टिकरी बॉर्डर से गुज़रेंगे तो स्पीकर्स पर बजता ये गाना आपका ध्यान ज़रूर खींचेगा.8. गीत- बेला चाओ- पंजाबी गायक- पूजन साहिल
प्रतिरोध के ऐतिहासिक गीत बेला चाओ का पंजाबी वर्ज़न लाए हैं पूजन साहिल. आप भी सुनिए.9. गीत- हम दिल्ली आ गे गायक- अरविंद जांगिड़
अजय हुड्डा का लिखा ये गाना हरियाणा से आए हर ट्रैक्टर पर आपको सुनाई देगा. हरियाणा के किसानों के कई वीडियोज़ ऐसे हैं, जिनमें वो पंजाब को बड़ा भाई बताते दिखे. लल्लनटॉप से बातचीत में हरियाणा के कई किसानों ने कहा है,"पंजाब बड़ा भाई है, किसी ने हाथ ठा कै देखेया, तो हाथा नै उखाड़ देंगे."

