अधिकारी ने मदद करने से मना किया तो किसान ने किया सुसाइड
पत्नी ने चार महीने पहले सुसाइड किया था, आवास योजना के तहत घर मिलने का वादा था.
Advertisement

फोटो - thelallantop
ओडिशा में मंगलवार को एक किसान ने कीड़े मारने वाली दवाई पी कर सुसाइड कर लिया है. सूखे के चलते सारी फसल खराब हो गई थी. परेशान होकर जिले के ब्लॉक डेवेलप्मेंट ऑफिसर से मदद मांगने गया था. पर ऑफिसर ने उसे डांट कर भगा दिया.
द इंडियन एक्प्रेस के मुताबिक दुर्योधन बाग बोलांगिर जिले के धुसामुंदा गांव में रहता था. बोलांगिर का पूरा इलाका सूखे की मार झेल रहा है. इसके चलते कई किसानों की फसलें खराब हो गई थीं. दुर्योधन भी उनमें से एक था.
गांव के साहूकारों से पैसे लेकर 7 एकड़ में फसल लगाई थी. पर बारिश न होने की वजह से सब बर्बाद हो गया. इस सदमे को दुर्योधन की बीवी उजली झेल न सकी. बीते नवंबर में उसने सुसाइड कर लिया था.
दुर्योधन सरकारी मदद के लिए जिले के अधिकारियों के पास गया. जिले के बीडीओ ने दुर्योधन को मुआवजे के तौर पर इंदिरा आवास योजना के तहत एक घर देने का वादा किया था. पर उसे अबतक घर मिला नहीं था. बीडीओ ऑफिस के कई चक्कर लगा चुका था पर कोई फायदा न हुआ.
वहां के लोग हमेशा उसे खरी-खोटी सुनाकर भगा देते थे. मंगलवार को भी वो बीडीओ के ऑफिस गया था. घर के लिए पूछने कि उसका क्या हुआ. पर बीडीओ ने उसे डांट कर भगा दिया. साहूकारों के पैसे और फसल के नुक्सान के बोझ से परेशान दुर्योधन घर आया. और कीड़े मारने वाली दवाई पी ली.
लोगों ने उसे फौरन कांटाबांजी ब्लॉक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. पर वो मर गया. 15 दिन पहले बोलांगिर जिले में ही एक और किसान ने सुसाइड कर लिया था. दुर्योधन की तरह उसे भी ब्लॉक ऑफिसर ने डांट कर भगा दिया था. बोलांगिर के कलेक्टर मुथु कुमार ने कहा कि घटना की जांच के बाद कदम उठाए जाएंगे.

.webp?width=60)

