The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Ex-Dacoit Malkhan Singh Joins Congress In Madhya Pradesh

मोदी का प्रचार करने वाले 'डाकू' मलखान सिंह कांग्रेस में आए, क्या कह चौंका दिया?

कमलनाथ ने करवाया शामिल, शिवराज ने क्या तंज कस दिया?

Advertisement
pic
10 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 10 अगस्त 2023, 06:13 PM IST)
Former Dacoit Malkhan Singh joins Congress in presence of former CM Kamal Nath
कांग्रेस में शामिल हुए मलखान सिंह, शिवराज ने ट्वीट का साधा निशाना (साभार - ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

एक वक्त चंबल में खौफ़ का पर्याय माने जाने वाले डाकू मलखान सिंह ने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है. मलखान सिंह ने पूर्व सीएम कमलनाथ की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली. कांग्रेस में शामिल होते हुए मलखान ने कहा कि पहले उन्होंने अन्याय के खिलाफ बंदूक उठाई थी, और अब वो अत्याचार के खिलाफ बिगुल बजा रहे हैं.

कांग्रेस में शामिल होते हुए मलखान सिंह ने कहा,

'अन्याय, अत्याचार के खिलाफ मैंने बीजेपी का प्रचार किया. मैंने सोचा, कोई सिद्धांतवादी पार्टी होगी, अच्छा काम होगा. पर हमने खूब भ्रष्टाचार देखा. कांग्रेस ने अब तक जनता का उतना नुकसान नहीं किया था, जितना 20 साल में भाजपा सरकार ने किया है. सारे किसान रो रहे हैं, गरीब रो रहा है, बहन-बेटियों के साथ बलात्कार हो रहे हैं... ये अन्याय करने वाली पार्टी है (भाजपा). शिवपुरी से अशोकनगर तक इनके सारे नेता, सारे प्रभारियों ने खूब अन्याय किया है. गरीबों की जमीनें छीन ली गई हैं…'

मलखान ने आगे कहा कि जनता को ऐसी सरकार को 2023 में सत्ता से बेदखल करना है और 2024 में लोकसभा चुनाव भी हराना है. अपने मूंछों के लिए जाने जाने वाले मलखान का कहना है कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और अन्य आपराधिक मामले बढ़े हैं. जनता को घोषणाओं के अलावा कुछ भी नहीं मिला है. हाल ही में प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में एक रैली की थी. मलखान सिंह ने उस रैली में हिस्सा लिया था. तब से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे.

मलखान सिंह के कांग्रेस में जुड़ने के साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी प्रतिक्रिया आई. हालांकि, ये डायरेक्ट नहीं थी. शिवराज ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ लिखा,

एक वो दौर था, जब मध्यप्रदेश में डकैत और सरकार साथ-साथ थे,

लेकिन आज, "मध्यप्रदेश में सिर्फ और सिर्फ कानून का राज है।"

इस वीडियो में मलखान सिंह और उनके साथियों की कई फोटो दिखाई गई है.

भाजपा का प्रचार किया

2014 लोकसभा चुनाव से पहले मलखान सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार किया था. उन्होंने नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए पूरे क्षेत्र में जनता से मुलाकात की थी. मलखान कांग्रेस नेता और मौजूदा नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ भी प्रचार कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी. उन्होंने उम्मीद थी कि उन्हें चुनाव लड़ने का टिकट दिया जाएगा, पर ऐसा हुआ नहीं. 2019 में मलखान ने बीजेपी का साथ छोड़ दिया और अब कांग्रेस जॉइन कर ली.

वीडियो: मध्यप्रदेश: ऑक्सीजन के अभाव में 12 की जान गई, कमलनाथ ने सरकार पर साधा निशाना

Advertisement

Advertisement

()