The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • elon musk father errol musk is not proud of him, called younger brother kimbal his pride

एलन मस्क के बाप ने कहा- 'मेरा बेटा बहुत बड़ा तोप नहीं, वो अब भी छोटा बच्चा है'

इतना ही नहीं, एरोल मस्क ने अपने छोटे बेटे, यानी एलन के छोटे भाई किम्बल मस्क पर गर्व होने की बात कही.

Advertisement
pic
3 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 3 अगस्त 2022, 04:43 PM IST)
elon musk errol musk proud kimbal musk
बाएं- एलन मस्क, दाएं- एरोल मस्क (फोटो- आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

टेस्ला (Tesla) के फाउंडर एलन मस्क (Elon Musk) के पिता एरोल मस्क का एक बड़ा बयान सामने आ रहा है. एक इंटरव्यू के दौरान एरोल मस्क (Errol Musk) ने कह दिया कि उन्हें अपने अरबपति बेटे पर गर्व नहीं है. इतना ही नहीं, एरोल मस्क ने अपने छोटे बेटे, यानी एलन के छोटे भाई किम्बल मस्क (Kimbal Musk) पर गर्व होने की बात कही. वहीं एलन के लिए बोले कि उन्हें तो वो एक छोटा बच्चा समझते हैं. 

एरोल मस्क ने ये बात एक चर्चित रेडियो कार्यक्रम ‘काइल और जैकी के ओ शो’ के दौरान कही. बातचीत के दौरान जब एरोल से जब पूछा गया कि क्या उन्हें अपने बेटे पर गर्व है जिसने इतनी सारी चीजें बनाई हैं और जिसके पास इतना पैसा है, तो जवाब देते हुए सीनियर मस्क ने कहा-

मेरा परिवार काफी समय से बहुत कुछ कर रहा है. ऐसा नहीं है कि हमने अचानक कुछ करना शुरू कर दिया.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा-

एलन मस्क उतना खुश नहीं है जितना वो होना चाहता है. उसे लगता है कि वो समय से पीछे है. वो अब जहां है, वो पांच साल पहले वहां रहना चाहता था. 

'एलन मेरे लिए छोटा बच्चा है'

एरोल से जब उनके एलन के साथ बॉन्ड के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब में कहा- 

मैं अभी भी अपने अरबपति बेटे को एक छोटा बच्चा समझता हूं. मुझे पता है कि ये सुनने में अजीब है, लेकिन हम एक परिवार के रूप में ऐसा ही सोचते हैं. वो अभी 50 साल का है. मैं अब भी उसे छोटा बच्चा समझता हूं, ये जानते हुए कि वो एक बूढ़ा आदमी है.

एरोल ने आगे कहा-

मैंने एलन, किम्बल और टोस्का (पहली पत्नी मेय मस्क से उनकी बेटी) के साथ चीन और ऐमजॉन रेनफॉरेस्ट जैसी जगहों की यात्रा की है. उस वक्त वो छोटे बच्चे थे. उन्होंने बहुत सी चीजें देखी हैं, और हमने बहुत सी चीजें एक साथ की हैं.

छोटे भाई किम्बल की तारीफ की 

इंटरव्यू में एरोल मस्क ने अपने छोटे बेटे किम्बल की तारीफ करते हुए उसे अपने गर्व और खुशी की वजह बताया. उन्होंने कहा कि किम्बल अपने काम और अपनी पत्नी क्रिस्टीना के साथ अपने रिश्ते बैलेंस करने में कामयाब रहे हैं. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुई ग्रीस से एलन मस्क की हालिया शर्टलेस तस्वीरों के बारे में पूछे जाने पर एरोल ने कहा-

एलन की फिजीक काफी अच्छी है, वो स्ट्रॉन्ग है लेकिन वो अपनी डाइट पर ध्यान नहीं देता.

एरोल की बातों से लग रहा था कि उनका अपने छोटे बेटे की तरफ ज्यादा झुकाव है और एलन की आदतें उन्हें नहीं पसंद हैं. बता दें एरोल मस्क पिछले महीने भी सुर्खियों में रहे थे. उस वक्त उन्होंने खुलासा किया था कि उनकी सौतेली बेटी जाना बेजुइडेनहाउट के साथ उनका एक दूसरा बच्चा है.

देखें वीडियो- एलन मस्क की SpaceX को झटका, बूस्टर रॉकेट फट गया!

Advertisement

Advertisement

()