The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Eighteen accused with a reward of 50 paise arrested, how will this reward be distributed among the policemen now!

चार लोगों ने मिलकर पकड़ा 50 पैसे का इनामी बदमाश, सबमें बराबर बटेगा पैसा

मामला मध्य प्रदेश के इंदौर का है. जहां पुलिस ने हत्याकांड के मामले में गवाह को धमकी देने वाले आरोपी पर 50 पैसे का इनाम रखा था. अब 4 पुलिसवालों की टीम ने आरोपी को धरदबोचा है.

Advertisement
pic
5 दिसंबर 2024 (पब्लिश्ड: 02:29 PM IST)
Eighteen accused with a reward of 50 paise arrested, how will this reward be distributed among the policemen now!
50 पैसे का इनामी गिरफ्तार (Photo Credit: Aaj Tak)
Quick AI Highlights
Click here to view more

शोले फिल्म का वो डायलॉग याद कीजिए, जब गब्बर सांभा से पूछता है- “अरे ओ सांभा, कितने का इनाम रखी है सरकार हम पर.” सांभा पलटकर जवाब देता है- “पूरे 50 हज़ार, सरदार.” और गब्बर खुश हो जाता है. फिल्मों के अलावा असल जिंदगी में भी अपराधियों की यही कहानी है. इनाम रखे जाने के बाद अपराधियों के अंदर ये भाव आ जाता है कि अब वे बड़े अपराधी बन चुके हैं. इसलिए सरकार उन पर इनाम रख रही है. धीरे-धीरे वे अपना रुतबा जमाने लग जाते हैं. लेकिन अब पुलिस ने ऐसा जुगाड़ निकाला है कि अपराधी भी कहने पर मजबूर हो जाएंगे- “गजब बेइज्जती है यार.”

क्या है पूरा मामला?

मामला मध्य प्रदेश के इंदौर का है. जहां पुलिस ने हत्याकांड के मामले में गवाह को धमकी देने वाले आरोपी पर 50 पैसे का इनाम रखा था. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आजतक की खबर के मुताबिक, जुलाई 2022 में हीरा नगर थाना क्षेत्र में अनिल दीक्षित हत्याकांड हुआ था. इस मामले में पुलिस ने शानू सागर और दुर्लभ कश्यप गैंग के आरोपी चयन सीके को गिरफ्तार कर लिया था. इस पूरे मामले में विक्की उर्फ विक्रांत गवाह था. पिछले महीने विक्की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि शानू सागर के दोस्त बिट्टू गौड़ और शानू सागर के छोटे भाई रोहन सागर ने घर आकर गवाही नहीं देने को लेकर धमकी दी थी.

भागने के चक्कर में तुड़वा लिया पैर

इसके बाद पुलिस ने रोहन सागर को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बिट्टू गौड़ फरार हो गया था. जिसके बाद पुलिस ने उस पर 50 पैसे का इनाम घोषित कर दिया. अब पुलिस ने उसे इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक घर पर दबिश देकर अरेस्ट कर लिया है. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने भागने की कोशिश की. इसके लिए आरोपी मकान की बालकनी में कूद गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया. फिलहाल, पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है.

कैसे बंटेगा इनाम?

आरोपी को 4 हेडकांस्टेबलों ने घेराबंदी करके पकड़ा. अब सवाल ये कि आरोपी पर जो 50 पैसे का इनाम था वो इन पुलिसवालों में बंटेगा कैसे? नियम कहता है कि इनाम पूरी टीम में बराबर बंटेगा. इस हिसाब से देखा जाए 4 पुलिसवालों को इनाम के 50 पैसे में से 12.50-12.50 पैसे मिलेंगे.

वीडियो: साइकिल से जा रहे बुजुर्ग पर किया स्नो स्प्रे, रीलबाज युवक गिरफ्तार

Advertisement

Advertisement

()