ट्रंप से लेकर जेडी वांस तक, अमेरिका के बड़े-बड़े नेता जिस डिनर पार्टी में थे, वहां गोली चल गई
Donald Trump Firing: गोलीबारी का आवाज सुनकर गेस्ट तुरंत टेबल के नीचे छुप गए. सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने राष्ट्रपति को सुरक्षा घेरे में ले लिया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में ‘व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर’ के दौरान फायरिंग हो गई. इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलोनिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वांस भी मौजूद थे. गोलीबारी की आवाज सुनकर प्रोग्राम के सारे गेस्ट तुरंत टेबल के नीचे छिप गए. सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने राष्ट्रपति ट्रंप को तुरंत सुरक्षा घेरे में ले लिया. इसके बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. डॉनल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर आरोपी की तस्वीर भी शेयर की है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हमला शनिवार, 25 अप्रैल की रात को हुआ. यह कार्यक्रम वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में चल रहा था. हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर फायरिंग की. ट्रंप और गेस्ट बॉलरूम के अंदर मौजूद थे. जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजी, डिनर में शामिल लोग तुरंत जहां के तहां जम गए. बॉलरूम के अंदर मौजूद मेहमानों से ‘Get Down’ (नीचे झुकने) के लिए कहा गया, जिसके बाद सैकड़ो मेहमान अपनी मेजों के नीचे छिप गए. भारी हथियारों से लैस सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तेजी से डाइनिंग रूम में घुस आए.
घटना के सामने आए वीडियो में ट्रंप और मेलोनिया को मंच के पीछे झुकते हुए देखा गया. कुछ ही पलों में एजेंट उन्हें तेजी से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले गए. अधिकारियों ने बताया कि शॉटगन से लैस एक शख्स ने चेकपॉइंट के पास सिक्योरिटी तोड़ने की कोशिश की थी. फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध ने सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट पर गोली चलाई, लेकिन गोली एजेंट के बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराकर रह गई और एजेंट को कोई चोट नहीं आई.
घटना के लगभग एक घंटे बाद ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट किया कि हमलावर पकड़ा गया है. उन्होंने सुरक्षा बलों की तारीफ की और कहा कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.

डॉनल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी कैलिफोर्निया का रहने वाला है और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. अधिकारियों ने आरोपी की पहचान 31 साल के कोल थॉमस एलन के रूप में की है, जो टोरेंस (कैलिफोर्निया) का रहने वाला है. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि वे ही इस हमलावर के निशाने पर थे, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे ऐसा ही लगता है."
उन्होंने कहा कि अधिकारी अभी भी हमले के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध को देखकर ऐसा लगता है कि वह 'लोन वुल्फ' (अकेला हमलावर) था.
हमलावर की तस्वीर सामने आई
संदिग्ध की तस्वीर भी सामने आई है, जिसने डॉनल्ड ट्रंप की मौजूदगी में होटल में गोलियां चलाई थीं. इस धुंधली तस्वीर में हथियारबंद सुरक्षाकर्मी जमीन पर पड़े एक शख्स को घेरे दिखाई दे रहे हैं. संदिग्ध बिना शर्ट के है और उसके शरीर का निचला हिस्सा एक चादर से ढका हुआ है. यह तस्वीर रूसी सरकारी न्यूज ब्रॉडकास्टर RT ने ‘X’ पर शेयर की है.
बाद में ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पर कथित शूटर का एक तस्वीर शेयर की.

ये भी पढ़ें: डॉनल्ड ट्रंप के डिनर में गोली चलाने वाला आरोपी कौन है? 'टीचर ऑफ द मंथ' रह चुका है
पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहत जताई कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति जेडी वांस समेत सब सुरक्षित है. उन्होंने लिखा,
लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी साफ शब्दों में निंदा की जानी चाहिए.
वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ‘X’ पर लिखा,
पहले भी हो चुका है हमलावाशिंगटन डीसी में कुछ ही देर पहले वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में हुई गोलीबारी से मैं बेहद स्तब्ध हूं. यह जानकर राहत मिली कि प्रेसिडेंट ट्रंप, फर्स्ट लेडी और बाकी लोग सुरक्षित हैं.
यह पहली बार नहीं है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप पर हमला हुआ है. इससे पहले, साल 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान उन पर हमला हुआ था. इसमें एक गोली ट्रंप के दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई थी और वे घायल हो गए थे. इसके बाद सुरक्षा बलों ने हमलावर को मार गिराया.
दूसरी घटना में, फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास बंदूक से लैस एक शख्स को रोक लिया गया. ट्रंप जब अपने गोल्फ क्लब में खेल रहे थे, तब रयान रूथ नाम का एक शख्स व्यक्ति झाड़ियों में राइफल लेकर छिपा हुआ पाया गया. सीक्रेट सर्विस एजेंट ने उसे देख लिया और गोली चलाई, जिसके बाद वह भाग गया लेकिन बाद में पकड़ा गया. उसे हाल ही में (फरवरी 2026) उम्रकैद की सजा सुनाई गई है.
वीडियो: ट्रंप ने भारत को Hell-Hole कहा, भारत से पहले ईरान ने ही सुना दिया

