भारत-पाकिस्तान से 'तू भी खुश-वो भी खुश' खेल रहे ट्रंप? शहबाज शरीफ के बाद अब पीएम मोदी की तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वो और प्रधानमंत्री दोनों डिलीवर करने वाले नेता हैं. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ की भी तारीफ की थी.

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तारीफ की थी. उनको ‘बहुत अच्छा इंसान’ बताया था. अब उसके एक दिन बाद यानी 27 मार्च को उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है.
दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डॉनल्ड ट्रंप का एक बयान शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा,
भारत के साथ हमारा रिश्ता बेहद शानदार है. ये आगे और मजबूत होगा. प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं. ऐसी बात ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती.
अमेरिकी दूतावास ने राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के साथ पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर भी शेयर की है. भारत और अमेरिकी के संबंधों को मजबूत बनाने की यह अपील मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच आया है.
इससे पहले 24 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा की. इसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने के महत्व पर भी चर्चा हुई. अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमला शुरू करने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत थी.

इसी हफ्ते अमेरिकी के रक्षा विभाग के अधिकारी एल्ब्रिज कोल्बी भी दिल्ली आए थे. उन्होंने भारतीय अधिकारियों के साथ सेना, सिक्योरिटी और दोनों देशों के संबंधों पर लंबी बातचीत की. इसे ट्रंप सरकार की भारत नीति का हिस्सा माना जा रहा है. विदेश नीति के जानकारों के मुताबिक, अमेरिका एक तरफ पाकिस्तान से भी अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है. दूसरी तरफ भारत को भी नाराज नहीं करना चाहता. इसलिए वह दोनों देशों के साथ अलग-अलग तरीके से बात कर रहा है.
भारत सरकार की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप के बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से 24 मार्च को फोन पर हुई बातचीत के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि दोनों नेता मिडिल ईस्ट में शांति और स्थिरता के प्रयासों के लिए संपर्क बनाए रखेंगे.
वीडियो: क्या ईरान अमेरिका को 10 टैंकर तेल भिजवा रहा है? ट्रंप का दावा

.webp?width=60)
