व्हाइट हाउस डिनर शूटर के नोट पर सवाल, पत्रकार पर भड़के ट्रंप, कहा- ‘मैं पीडोफाइल नहीं, आप कलंक हैं’
आरोपी ने अपने मेनिफेस्टो में 'Paedophile (बाल-यौन शोषण करने वाला), बलात्कारी और गद्दार' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. राष्ट्रपति ट्रंप से जब इसके बारे में सवाल किया गया, तो वह बुरी तरह से भड़क गए और पत्रकार को ही कलंक बता दिया.

‘व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर’ के दौरान फायरिंग करने वाले आरोपी से पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि फायरिंग करने से पहले उसने एक मेनिफेस्टो (घोषणापत्र) अपने परिवार वालों को भेजा था. आरोपी ने इसमें 'पीडोफाइल (बाल-यौन शोषण करने वाला), बलात्कारी और गद्दार' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. एक इंटरव्यू के दौरान जब राष्ट्रपति ट्रंप से आरोपी के मैनिफेस्टो के बारे में सवाल किया गया, तो वह बुरी तरह से भड़क गए.
25 अप्रैल की देर रात अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में ‘व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर’ के दौरान फायरिंग हुई थी. इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलोनिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वांस भी मौजूद थे. हालांकि, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया. आरोपी की पहचान 31 साल के कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है. एलन कैलिफोर्निया का रहने वाला है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कोल थॉमस ने फायरिंग करने से पहले कथित तौर पर एक मेनिफेस्टो अपने परिवार को भेजा था. इसमें उसने लिखा,
"मैं अब किसी ऐसे पीडोफाइल, बलात्कारी और गद्दार को यह इजाजत नहीं दूंगा कि वह अपने अपराधों से मेरे हाथों को भी दागदार करे."
हालांकि, उसने इसमें किसी भी अधिकारी या खुद ट्रंप का नाम विशेष रूप से नहीं लिया था.
ये भी पढ़ें: ट्रंप से लेकर जेडी वांस तक, अमेरिका के बड़े-बड़े नेता जिस डिनर पार्टी में थे, वहां गोली चल गई
ट्रंप ने आरोपों से किया किनाराCBS के '60 मिनट्स' के साथ एक इंटरव्यू में डॉनल्ड ट्रंप ने अपने ऊपर लगे यौन हिंसा के आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने इंटरव्यू लेने वाली नोरा ओ'डॉनेल पर भी भड़क गए. उन्होंने कहा,
“मैं इंतजार कर रहा था कि आप इसे पढ़ें. हां, उसने वह लिखा था. मैं कोई बलात्कारी नहीं हूं... मैंने वह मैनिफेस्टो पढ़ा है. आपको पता है, वह एक बीमार आदमी है. आपको उसे नहीं पढ़ना चाहिए... आप कलंक हैं, लेकिन ठीक है, चलो इंटरव्यू खत्म करते हैं.”
जब नोरा ने आगे पूछा कि क्या ट्रंप को लगता है कि वह संदिग्ध उन्हीं के बारे में बात कर रहा था, तो ट्रंप आहत हो गए. उन्होंने कहा,
“मैं कोई पीडोफाइल नहीं हूं. माफ कीजिए. माफ कीजिए... मैं कोई पीडोफाइल नहीं हूं. क्या आपने वह बकवास किसी बीमार आदमी से पढ़ी है? मुझे उन सभी चीजों से जोड़ा गया जिनका मुझसे कोई लेना-देना नहीं था. मुझे पूरी तरह से बेदाग साबित कर दिया गया था."
अधिकारी अभी संदिग्ध के मैनिफेस्टो की जांच कर रहे हैं. व्हाइट हाउस ने कहा है कि मैनिफेस्टो से यह साफ था कि संदिग्ध का इरादा ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों को निशाना बनाना था.
वीडियो: ट्रंप ने भारत को Hell-Hole कहा, भारत से पहले ईरान ने ही सुना दिया

