'तुमने ही कहा था ईरान पर हमला कर दो... ', ट्रंप ने युद्ध का ठीकरा अपने रक्षा मंत्री पर फोड़ा
Donald Trump ने मीटिंग में कहा, ‘पीट हेगसेथ मुझे लगता है कि तुम ही वो पहले व्यक्ति थे जिसने सैन्य कार्रवाई के लिए दबाव डाला था. तुमने कहा था कि तुम ईरान को परमाणु संपन्न देश नहीं बनने देना चाहते.’

पश्चिम एशिया में चल रही जंग अपने चौथे हफ्ते में पहुंच चुकी है. अब इस जंग के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अमेरिकी रक्षा सचिव (रक्षा मंत्री) पीट हेगसेथ को ज़िम्मेदार ठहराया है. सोमवार, 23 मार्च को टेनेसी राज्य में डॉनल्ड ट्रंप एक राउंड टेबल मीटिंग कर रहे थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़ इसी दौरान उन्होंने कहा, ‘पीट हेगसेथ मुझे लगता है कि तुम ही वो पहले व्यक्ति थे जिसने सैन्य कार्रवाई के लिए दबाव डाला था. तुमने कहा था कि तुम ईरान को परमाणु संपन्न देश नहीं बनने देना चाहते और हमला करने के लिए तैयार हो.’
इस मीटिंग में पीट हेगसेथ उनके साथ ही थे. ट्रंप प्रशासन ने इस बात को कभी साफ़ नहीं किया कि वो ईरान के साथ जंग क्यों लड़ रहा है? अधिकारियों के बीच जंग को लेकर असहमति बनी हुई है. कुछ का मानना है कि इस जंग में अमेरिका का कोई हित नहीं है. वहीं कुछ अधिकारियों का कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए ये जंग ज़रूरी थी. डॉनल्ड ट्रंप अपनी अलग कहानी सुनाते हैं. वे कहते हैं,
‘मैंने पीट को फ़ोन किया, मैंने जनरल केन को फ़ोन किया. मैंने उन्हें बताया कि मिडिल ईस्ट में हमारे लिए एक प्रॉब्लम है. क्या करना चाहिए? क्या एलिमिनेट कर देना चाहिए?’
इस कहानी में कितनी सच्चाई है वो तो प्रेसिडेंट ट्रंप ही जानें. लेकिन ट्रंप प्रशासन में इस फैसले को लेकर एकता नहीं थी. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स पर्दे के पीछे की कहानी बयां करती हैं. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जंग पर सहमत नहीं थे. इस असहमति की वजह से पिछले हफ्ते ट्रंप प्रशासन के सीनियर अधिकारी जो केंट ने इस्तीफा भी दे दिया था. रिपोर्ट के मुताबिक़, जंग को लेकर शुरू से केवल दो लोग दबाव डाल रहे थे. एक इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और दूसरे मीडिया फिगर रूपर्ट मर्डोक.
पीट हेगसेथ ही क्यों टारगेट हुए?अमेरिका-ईरान जंग के दौरान पीट हेगसेथ जंग का चेहरा बन गए थे. उन्होंने मिलिट्री ऑपरेशन में नुकसान, लक्ष्य सब पर बात की है. वो मीडिया में दिखाई गई ख़बरों के सामने भी डटकर खड़े रहे. उन्होंने जंग को लेकर एक कड़ा रुख अपनाया. जंग ख़त्म होने की डेडलाइन कभी साफ़ नहीं की, केवल लक्ष्य पर बात करते रहे. ट्रंप ने उन्हें रक्षा सचिव की जगह वॉर सचिव नाम तक दे दिया था.
वीडियो: जंग के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री Pete Hegseth की चेतावनी, कुछ बड़ा होने वाला है

.webp?width=60)
