The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Diljit Dosanjh shares his Income Tax payment appreciation certificate gets mixed responses on Twitter

टैक्स जांच के बीच दिलजीत दोसांझ ने कहा- लो पढ़ लो मेरा प्लैटिनम सर्टिफिकेट

लेकिन कुछ लोगों ने इस सर्टिफिकेट पर भी घेर लिया

Advertisement
pic
4 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 4 जनवरी 2021, 08:34 AM IST)
Img The Lallantop
दिलजीत दोसांझ पिछले कुछ समय से लगातार सुर्ख़ियों में हैं, इस बार चर्चा उनके टैक्स पेमेंट और उसके लिए मिले सर्टिफिकेट (दाएं) की हो रही है.
Quick AI Highlights
Click here to view more
दिलजीत दोसांझ. गायक और एक्टर हैं. हाल में कंगना रनौत के साथ ट्विटर पर बहस, किसानों के आंदोलन को समर्थन और इनकम टैक्स की जांच को लेकर ख़बरों में रहे थे. अब दिलजीत ने आयकर विभाग की ओर से जारी सर्टिफिकेट दिखाते हुए टैक्स की जांच को लेकर लग रहे आरोपों का इशारों में जवाब देने की कोशिश की है. कुछ लोग इसे लेकर भी उन्हें घेर रहे हैं. पहले आप वो दोनों ट्वीट देख लीजिए.
ये मैं नहीं करता, लेकिन ये लो...
आज हाल ऐसे बन गए हैं कि खुद को भारत का नागरिक होने का सुबूत देना पड़ रहा है. इतनी नफरत मत फैलाइए. 
हवा में तीर नहीं चलाते, इधर उधर हो जाते हैं.
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा-
आओ पढ़ लो मेरा प्लैटिनम सर्टिफिकेट
'इस महान देश को बनाने में आपके सहयोग को पहचान देते हुए'
ट्विटर पर बैठकर खुद को देशभक्त बोलने वाले अपने आप देशभक्त नहीं बन जाते. उसके लिए काम करना पड़ता है. 
दिलजीत ने जो ट्वीट शेयर किए हैं, उनमें भारत के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किया गया एक सर्टिफिकेट है. इस सर्टिफिकेट पर लिखा है,
यह साबित किया जाता है कि दलजीत सिंह (पैन नंबर: इसे छुपा दिया गया है) ने वित्त वर्ष 2019-2020 के लिए टैक्स भरा है और रिटर्न फ़ाइल किया है. हम करदाता की प्रशंसा करते हैं, और इस महान देश को बनाने में उनके योगदान को पहचानते हुए उन्हें प्लैटिनम कैटेगरी में रखते हैं.
Diljit Tweet
दिलजीत ने यही सर्टिफिकेट ट्वीट किया है.
ये टैक्स पेमेंट कैटेगरी कौन-सी बला है? हर साल आप टैक्स देते हैं. इनकम टैक्स रिटर्न भी फ़ाइल करते हैं. अब भारत का जो वित्त मंत्रालय है, वो टैक्स देने वाले नागरिकों को सर्टिफिकेट देता है. तारीफ में. इसकी चार कैटेगरी हैं. एक वित्त वर्ष में जिसने भी टैक्स भरा है, उसके टैक्स अमाउंट के हिसाब से ये सर्टिफिकेट दिया जाता है. जैसे:
एक लाख से दस लाख तक टैक्स भरने पर -  ब्रौन्ज़ सर्टिफिकेट
दस लाख से पचास लाख तक – सिल्वर सर्टिफिकेट
पचास लाख से एक करोड़ तक – गोल्ड सर्टिफिकेट
एक करोड़ से ऊपर – प्लैटिनम सर्टिफिकेट
सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ डायरेक्ट टैक्सेज़ (CBDT) ये सर्टिफिकेट भेजता है. साल 2016 से ही ये सर्टिफिकेट भेजे जा रहे हैं. CBDT के मुताबिक़, ये सरकार द्वारा टैक्सपेयर के साथ सीधा संपर्क साधने और उनके योगदान की सराहना करने की कोशिश है. दिलजीत या दलजीत? इस लिस्ट के हिसाब से दिलजीत दोसांझ ने एक करोड़ से ज्यादा का टैक्स भरा है. उनके इस ट्वीट को लेकर भी कुछ लोगों ने दिलजीत को घेरा, क्योंकि सर्टिफिकेट में उनका नाम दलजीत लिखा हुआ है. एक यूजर ने ट्वीट किया:
आपका असली नाम क्या है? ये फ्रॉड हो सकता है. नाम पैन कार्ड में अलग नहीं हो सकता.
वहीं, कई लोगों ने दिलजीत से कहा कि उन्हें इन सब बातों पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. एक यूजर ने लिखा-
आपको एक्सप्लेनेशन और सुबूत देने की ज़रूरत नहीं है दिलजीत जी. लेकिन हां समझ सकते हैं आपको कितना हर्ट होता होगा.
दरअसल, दिलजीत दोसांझ हाल ही में किसानों के आंदोलन में हिस्सा लेने गए थे. वहां किसानों के बीच बैठे हुए उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं. उन्होंने आंदोलन के लिए एक करोड़ रुपए डोनेट करने का ऐलान किया था. इसके बाद लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी नाम के संगठन ने उनके खिलाफ कम्प्लेंट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, दिलजीत पर UK और कैनडा से अवैध फंडिंग का आरोप लगाया. इसके बाद आयकर विभाग ने मामले की जांच शुरू की है. लोग कह रहे हैं कि दिलजीत ने इन्हीं आरोपों के मद्देनजर अपना ये सर्टिफिकेट शेयर किया है.

Advertisement

Advertisement

()