देवेंद्र फडणवीस के 22 साल के भतीजे को किस आधार पर लगाई गई कोरोना की वैक्सीन?
न वो फ्रंटलाइन वर्कर है और न उम्र 45 के ऊपर.
Advertisement

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और फिलहाल विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के 22 साल के भतीजे तन्मय ने वैक्सीन लेते हुए फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए तो बवाल हो गया. (फोटो-ट्विटर/पीटीआई)
महाराष्ट्र कांग्रेस ने ट्विटर पर नागपुर के नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट में कोरोना वैक्सीन लेते हुए एक युवक की तस्वीर शेयर की. असल में यह तस्वीर राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के भतीजे तन्मय की है. यह तस्वीर खुद तन्मय ने अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर की थी. इसमें वह कोरोना की वैक्सीन लेते नजर आ रहे हैं. लेकिन वह न तो 45 साल या उससे ऊपर के हैं और न ही फ्रंट लाइन वर्कर हैं. कांग्रेस सवाल उठा रही है कि उन्हें आखिर वैक्सीन लगी कैसे. फिर क्या था, बवाल हो गया. आइए जानते हैं पूरा मामला.
आखिर कैसे लग गई वैक्सीन?
महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी ने 19 अप्रैल की शाम एक ट्वीट के जरिए राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह तस्वीर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भतीजे तन्मय की है. जिसे तन्मय ने ही इंस्टाग्राम पर शेयर की थी. कांग्रेस का कहना है कि फोटो वायरल होने के बाद तन्मय ने उसे डिलीट कर दिया. महाराष्ट्र कांग्रेस ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा,
जानकारी के मुताबिक, 22 साल के तन्मय इंजीनियर हैं और उन्होंने अपना कोरोना का पहला टीका मुंबई में लिया था. वैक्सीन की सेकंड डोज़ नागपुर में ली है.
इंडिया टुडे ने इस मामले में तन्मय के पिता अभिजीत फडणवीस से बातचीत की. अभिजीत ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. बता दें कि अभिजीत, देवेंद्र फडणवीस चचेरे भाई हैं. अभिजीत, शोभा फडणवीस के बेटे हैं, जो महाराष्ट्र में 1990 के दशक में शिवसेना की अगुवाई में एमएलसी और मंत्री रह चुकी हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स अखबार ने जब देवेंद्र फडणवीस के ऑफिस से संपर्क किया तो वहां पर भी इस घटना को लेकर आश्चर्य प्रकट किया गया. फडणवीस के मीडिया सेल में काम करने वाले केतन पाठक ने कहा कि हम भी सोशल मीडिया पर यह खबर देख कर हैरान थे कि कैसे 22 साल के युवक को कोरोना वैक्सीन दी जा सकती है. तन्मय की दादी और सीनियर बीजेपी लीडर शोभा फडणवीस का कहना है कि क्या वैक्सीन लेना पाप है?

.webp?width=60)

