The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • delhi woman dragged by car 4km died lg saxena kanjhawala

"हैलो सर! गाड़ी में डेडबॉडी बंधी हुई है, नीचे लटकी हुई है" - जिसने ये सीन देखा, हिल गया!

आरोपियों ने कहा कि वो इस बात से अनजान थे कि उनकी कार में लड़की फंस गई है.

Advertisement
pic
2 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 2 जनवरी 2023, 11:09 AM IST)
Girl killed after car drags her for kilometres in Delhi
दिल्ली हादसे की पूरी कहानी (फोटो-आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के कंझावला इलाके में स्कूटर सवार लड़की की कार से घसीटे जाने के बाद मौत हो गई. कार में बैठे पांचों आरोपी अरेस्ट हो चुके हैं. मामले पर दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि इस अमानवीय अपराध से मेरा सिर शर्म से झुक गया है. मृतका का नाम अंजलि सिंह है. उम्र 20 साल. वो शादी और अन्य कार्यक्रमों में इवेंट ऑर्गेनाइज़र का काम करती थी.

दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने ट्वीट किया,

“कंझावला-सुल्तानपुरी में हुए अमानवीय अपराध पर मेरा सिर शर्म से झुक गया है और मैं अपराधियों की राक्षसी संवेदनहीनता से स्तब्ध हूं. दिल्ली के पुलिस कमिश्नर के साथ केस की मॉनिटरिंग की जा रही है. आरोपियों को पकड़ लिया गया है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पीड़ित परिवार को हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी.”

बाहरी दिल्ली डीसीपी, हरेंद्र सिंह ने बताया कि अंजलि का शव नग्न अवस्था में मिला था. क्योंकि उसे काफी दूर तक घसीटा गया था और उसके कपड़े फट गए थे. खबरों के मुताबिक, अंजली का शरीर कई जगहों से छिल भी गया था.=

कौन हैं आरोपी?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच आरोपी हैं -

आरोपी दीपक खन्ना ग्रामीण सेवा ऑटो चलाता है. 

अगला आरोपी अमित खन्ना उत्तम नगर के एक बैंक में काम करता है. 

एक आरोपी कृष्ण कनॉट प्लेस में स्पेनिश कल्चर सेंटर में काम करता है. 

एक और आरोपी मिथुन सैलून में बतौर हजाम काम करता है. 

और एक आरोपी मनोज मित्तल सुल्तानपुरी में राशन डीलर का काम करता है. ये सभी कार में सवार थे. सभी की उम्र 25 से 27 साल के बीच बताई जा रही है. 

खबरों के मुताबिक, आरोपियों का कहना है कि वो इस बात से बिल्कुल अनजान थे कि उनकी कार में स्कूटी समेत लड़की फंस गई है.

घटना की रात क्या हुआ? 

31 दिसंबर-1 जनवरी की दरमियानी रात अंजलि काम से लौट रही थी. तभी उसकी स्कूटी और एक कार के बीच टक्कर हुई. बताया जा रहा है कि एक्सीडेंट के बाद अंजलि को 4 किलोमीटर तक घसीटा गया. उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी एक राहगीर ने पुलिस को PCR कॉल के जरिए दी. राहगीर ने पुलिस से कहा,

 "हैलो सर! एक ग्रे कलर की बलेनो गाड़ी जो कुतुबगढ़ की तरफ जा रही है, उसमें एक डेड बॉडी बांध रखी है, जो नीचे लटकी हुई है."

आजतक के मुताबिक, 31 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे अंजलि घर से ये कहकर निकली थी कि उसे इवेंट का कुछ काम है. रात 9 बजे लड़की ने घर फोन किया और कहा कि वो रात में वापस आएगी. परिवार का कहना है कि उन्होंने रात 10 बजे लड़की को फोन किया था, लेकिन फोन बंद था. दिल्ली पुलिस ने सुबह 8 बजे परिवार को दुर्घटना के बारे में बताया.

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को हाजिरी समन जारी किया है. उनका दावा है कि आरोपी नशे की हालत में थे. 

हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है. 

वीडियो: दिल्ली में 'न्यू ईयर' की रात लड़की को 4 किलोमीटर तक कार से घसीटा, मौत हुई

Advertisement

Advertisement

()