तिहाड़ का कैदी जूते पहन कोर्ट में घुसा, तलाशी में ऑर्डर दिखाने लगा, जांच हुई तो सब हक्के-बक्के रह गए
तिहाड़ जेल की रूल बुक में कैदियों को स्पोर्ट्स शूज़ पहनने की इजाज़त नहीं है.

दिल्ली के तिहाड़ जेल का एक कैदी साकेत कोर्ट में स्पोर्ट्स शूज़ पहनकर पहुंच गया. जबकि तिहाड़ की रूलबुक के हिसाब से कैदियों को स्पोर्ट्स शूज़ पहनने की इजाज़त नहीं है. इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, तिहाड़ में बंद गैंगस्टर नीरज उर्फ कुप्पा पर साकेत थाने में एक मुकदमा दर्ज़ है. नीरज को 9 अगस्त को साकेत कोर्ट में पेश किया गया था. यहां के लॉकअप में उसकी तलाशी ली गई. इसमें वो स्पोर्ट्स शूज़ पहने हुए था. इस बारे में उससे पूछताछ की गई. तो उसने कोर्ट का ऑर्डर सामने रख दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक नीरज ने कहा कि उसने कोर्ट से स्पोर्ट्स शूज़ पहनने की इजाज़त ली है. उसने इसके लिए साकेत कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट का ऑर्डर भी दिखाया. इस पर कोर्ट की सील भी लगी हुई थी. पुलिस को शुरुआती जांच में ही इस पर शक हुआ. उन्होंने कोर्ट में इसके बारे में पता किया. यहां जाकर नीरज के दावे की पोल खुल गई.
कोर्ट ने बताया फर्जी ऑर्डरसाकेत कोर्ट ने बताया कि नीरज का दिखाया हुआ ऑर्डर फर्जी है. ऑर्डर पर मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के साइन, सील सब कुछ फर्जी है. इस घटना ने पुलिस और तिहाड़ जेल प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कैदी को जूते कैसे मिले? इन्हें कौन उसके पास लेकर आया? फर्जी ऑर्डर की कॉपी उसने कैसे बनवाई? अगर किसी ने लाकर दी तो कैसे? क्या इसमें जेल प्रशासन कैदी के साथ मिला हुआ है? जवाब के लिए पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
नीरज उर्फ कुप्पा एक अंडरट्रायल कैदी है. उस पर दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज हैं. उस पर संगम विहार में लूट के दौरान बच्चों के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के आरोप हैं. 2016 में इस पर नेब सराय थाने में शिकायत दर्ज़ हुई थी. वो फिलहाल इसी मामले में जेल में बंद है.
तिहाड़ जेल चर्चा का विषय बना रहता है. यहां कई नेताओं से लेकर बड़े-बड़े गैंगस्टर्स भी बंद रहे हैं. गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या हो या श्रद्धा वॉलकर मर्डर केस के आरोपी आफताब का जेल में शतरंज खेलना, इस जेल को लेकर विवाद होता रहा है.
वीडियो: तिहाड़ में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया मर्डर में जाति का क्या खेल समझा गए पूर्व जेलर सुनील गुप्ता?

