The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Delhi reports second case of Omicron, tally in India rises to 33, 2 day curfew imposed in Mumbai

दिल्ली में ओमिक्रॉन का दूसरा केस मिला, भारत में अब तक 33 संक्रमित

मुंबई में लगाई गई धारा-144.

Advertisement
pic
11 दिसंबर 2021 (अपडेटेड: 11 दिसंबर 2021, 09:33 AM IST)
Img The Lallantop
देश में ओमिक्रोन के 33 मामले सामने आ चुके हैं (सांकेतिक तस्वीर, PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more
दिल्ली में शनिवार, 11 दिसंबर को ओमिक्रॉन (Omicron) का एक और मामला सामने आया. इसके साथ ही देश में कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या 33 हो गई है. इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को महाराष्ट्र में 7 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए थे. इनमें 3 मुंबई, और 4 पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में मिले. यहां एक 3 साल की बच्ची भी ओमिक्रॉन से संक्रमित मिली है. वहीं मुंबई में धारा-144 लगाई गई है. सरकार ने वीकेंड यानी शनिवार और रविवार यानी 11 और 12 दिसंबर को किसी भी तरह की रैली, मोर्चा या जुलूस निकलाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि कर्फ्यू लगाने के पीछे दो कारण हैं. पहला ये कि मुंबई में असदुद्दीन ओवैसी की रैली होने वाली थी, लेकिन संक्रमण बढ़ने की वजह से पुलिस ने इस रैली की परमिशन नहीं दी. वहीं ओवैसी की पार्टी AIMIM फिर भी रैली करने पर आमादा है. वहीं दूसरा कारण ये है कि शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राऊत ने हाल ही में हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले CDS जनरल बिपिन रावत और अन्य अधिकारियों की मौत के पीछे साजिश का अंदेशा जताया था. बीजेपी उनके बयान का विरोध कर रही है और प्रदर्शन की तैयारी में है. मुंबई पुलिस का कहना है कि धारा 144 लागू होने के बाद अगर कोई भी रैली, जुलूस, पैदल मार्च या प्रदर्शन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. दिल्ली में दूसरा मामला आया इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में ओमिक्रॉन का एक और मामला सामने आया है. जिस व्यक्ति में संक्रमण मिला है वह पिछले हफ्ते जिम्बाब्वे से दिल्ली आया था. सबसे जरूरी बात ये है कि वह साउथ अफ्रीका से होते हुए इंडिया आया है. विदेशों से आए 27 यात्रियों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सभी के सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग (Genome Sequencing) के लिए भेजे गए थे. जिनमें से 25 की रिपोर्ट नेगेटिव आई, वहीं दो लोग नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए. इनमें से एक का पता 4 दिसंबर को चला था वहीं दूसरे के बारे में 11 दिसंबर को पता लगा. महाराष्ट्र में 7 नए मामले आए सामने महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 7 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें 3 मुंबई और 4 पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ के हैं. इनमें से 4 को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है, एक मरीज को वैक्सीन की सिर्फ एक ही डोज लगी है, जबकि एक मरीज को वैक्सीन नहीं लगाई गई. एक और मरीज  तीन साल की बच्ची है. नए रोगियों में से चार में कोई लक्षण नहीं दिखे हैं, जबकि अन्य तीन में केवल हल्के लक्षण हैं. इसके साथ ही देश में ओमिक्रॉन मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 33 हो गई है. शुक्रवार को गुजरात में दो नए मामले सामने आए थे. गुजरात में ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या 3 हो गई है. इससे पहले बीते हफ्ते राज्य में पहले ओमिक्रॉन पेशंट की पुष्टि हुई थी.

Advertisement

Advertisement

()