The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Delhi Police recovered a dead body from Bhalswa dairy after questioning two suspected terrorists

दिल्ली में ग्रेनेड के बाद टुकड़ों में मिली लाश, दो दिन पहले पुलिस ने संदिग्ध आतंकी पकड़े थे

भलस्वा डेयरी इलाके में मिली लाश.

Advertisement
pic
14 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 14 जनवरी 2023, 07:16 PM IST)
Delhi Police recovered a dead body from Bhalswa dairy locality
खाली पड़े प्लॉट में बने तालाब से लाश बरामद की गई (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके से दो दिन पहले दो संदिग्धों को UAPA यानी गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था. दोनों से पूछताछ के बाद शनिवार, 14 जनवरी को पुलिस ने भलस्वा डेयरी से एक लाश बरामद की है. पुलिस को लाश कई टुकड़ों में मिली. इससे पहले इन्हीं संदिग्धों की निशानदेही पर भलस्वा डेयरी इलाके से दो हैंड ग्रेनेड और हथियार मिले थे.

खाली प्लॉट से शव मिला, कई टुकड़ों में

पुलिस ने भलस्वा डेयरी के एक फ्लैट पर छापा मारकर हथियार बरामद किए थे. आजतक के अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक इसी फ्लैट में संदिग्धों ने एक हत्या को अंजाम दिया था. उसका वीडियो बनाकर अपने हैंडलर को भेजा था. पुलिस मारे गए युवक की जानकारी जुटा रही थी. अब पुलिस ने एक खाली प्लॉट में बने झोड़ (तालाब) से एक शव बरामद किया है. उस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि शव तीन से ज्यादा टुकड़ों में मिला. 

भलस्वा डेयरी इलाके के जिस घर में पुलिस ने हैंड ग्रेनेड बरामद किए थे, उस घर के आसपास के लोगों का कहना है कि यहां दो संदिग्ध कुछ दिन पहले किराए पर रहने आए थे. उन्होंने कहा था कि उनका मकान बन रहा है, इसलिए यहां किराए पर रह रहे हैं. पड़ोसियों ने यह भी बताया कि एक हफ्ते पहले दोनों संदिग्ध एक नया फ्रिज खरीद कर लाए थे और फिर उसे वापस करने चले गए. पूछने पर बताया कि फ्रिज में कुछ खराबी है.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल जांच कर रही

पुलिस को शक है कि उस घर में जिसकी हत्या की गई थी, उसका शव आरोपी फ्रिज में लेकर गए होंगे. इसके बाद उसे ठिकाने लगा दिया गया होगा. हालांकि, अभी इस मामले में पूछताछ चल रही है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूरे मामले की जांच कर रही है.

गुरुवार, 12 जनवरी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रेड करते हुए जहांगीरपुरी इलाके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था. रिपोर्ट के मुताबिक ये लोग टारगेट किलिंग का प्लान कर रहे थे और खालिस्तान मोमेंट से जुड़े आतंकी के संपर्क में थे. दोनों संदिग्ध जगजीत और नौशाद पहले भी बड़ी वारदातों में शामिल रह चुके हैं. पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया था. इन दोनों संदिग्धों को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. 

वीडियो: UAPA लगने पर बस 'तारीख पे तारीख,' इन आंकड़ों में समझें हकीकत!

Advertisement

Advertisement

()