The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Delhi Police Bust Fake IPL Tickets Racket, 5 Accused Held

फर्जी IPL टिकट छाप बच्चे 4000 में बेच रहे थे, पुलिस को ट्रिक पता चली तो होश उड़ गए!

नाबालिग बच्चे कर रहे थे कांड, पुलिस को शक तब हुआ जब...

Advertisement
Delhi Police bust racket of fake IPL tickets
पुलिस को शक तब हुआ, जब स्टेडियम में भीड़ ज़्यादा पहुंचने लगी. (फोटोः आजतक)
pic
पुनीत त्रिपाठी
12 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 13 अप्रैल 2023, 11:35 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

जब रिज़र्व बैंक के छापे नोट की नकल तैयार हो सकती है, तो क्रिकेट मैच के टिकट की नकल हमें ज़्यादा हैरान नहीं कर सकती. हैरान करती है वो कहानी, कि इस धंधे में कुछ ऐसे नाबालिग़ बच्चे भी शामिल मिले, जिन्हें कायदे से स्कूल में होना चाहिए था. अब ये बाल सुधार गृह जाएंगे. क्योंकि इन्होंने IPL 2023 के फर्ज़ी टिकट बनाकर चार-चार गुना दाम पर बेच डाले.

दिल्ली (मध्य जिला) पुलिस ने पांच लोगों को IPL में टिकट ब्लैक करने और जाली टिकट बेचने के आरोप में पकड़ा है. इनमें से तीन नाबालिग हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से कलर प्रिंटर समेत ऐसे सॉफ्टवेयर बरामद किए हैं जिनके जरिए वो टिकट एडिट और फोटोशॉप कर जाली टिकट छापा करते थे. इस गैंग के पास से एक ओरिजिनल और 80 नकली टिकट बरामद हुए हैं. सभी टिकट 11 अप्रैल को मुंबई और दिल्ली के बीच खेले गए मैच के थे. सभी आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं.

मैच में भीड़ बढ़ी, तब शक हुआ

आजतक से जुड़े हिमांशू मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस को जानकारी मिली थी कि IPL के दौरान स्टैंड्स में ज्यादा भीड़ लग जा रही है. इसके अलावा पुलिस को इस बात की भी शिकायत मिली थी कि कुछ लोग स्टेडियम के बाहर टिकट ब्लैक कर रहे हैं. पुलिस ने एक्शन लिया. 11 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में दिल्ली पुलिस के कई लोग सादे कपड़ों में स्टेडियम के बाहर तैनात कर दिए गए थे.

पुलिस वालों ने अपने चेहरे पर झंडे भी बना रखे थे, ताकि किसी को शक ना हो. इस दौरान वहां मौजूद पुलिस वालों ने देखा कि कुछ लोग 1250 का टिकट 4000 रुपए में लोगों को बेच रहे थे. पुलिस ने इसके बाद तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. इन तीनों के पास से 24 टिकट बरामद हुए.

इसके बाद पुलिस ने रोहित नाम के एक लड़के को भी हिरासत में लिया. रोहित के पास से भी फर्ज़ी टिकट्स बरामद हुए. रोहित ने आगे पूछताछ में अपने साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने चार और आरोपियों को पकड़ा, जिनमें तीन नाबालिग थे. 

पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि जहां भी IPL का मैच होता, ये लोग वहां पहुंच जाते और जाली टिकट छापते. उसके बाद स्टेडियम के बाहर महंगे दामों में इन टिकट्स को बेचा जाता था. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऐसे जालसाजों से बचने के लिए लोग स्टेडियम के बाहर ब्लैक में टिकट खरीदने की गलती ना करें.

वीडियो: कुणाल कामरा ने मोदी सरकार के नए कानून को हाई कोर्ट में क्यों घसीटा? कोर्ट भी हुआ सख्त

Advertisement

Advertisement

()