The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Delhi police arrest man accused of harassing and molesting woman in Metro lift

मेट्रो की लिफ्ट में लड़की से अश्लील हरकत, 100 से ज्यादा कैमरों की जांच हुई, तब पकड़ा गया

10 दिन में पुलिस ने आरोपी को इस तरह ट्रैक कर लिया.

Advertisement
pic
16 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 16 अप्रैल 2023, 09:53 PM IST)
Delhi Man held for harassing woman at Okhla Vihar Metro station
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया (File images)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के ओखला विहार मेट्रो स्टेशन पर महिला के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक पर आरोप है कि उसने मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट के अंदर महिला के साथ अश्लील हरकत की थी. यह घटना 4 अप्रैल की बताई जा रही है. महिला ने घटना वाले दिन ही शिकायत दर्ज कराई थी. दावा किया था कि जब वह मेट्रो की लिफ्ट नंबर चार मे मौजूद थीं, उसी दौरान एक युवक ने उन्हें पीछे से गलत तरीके से छूआ था. महिला की शिकायत पर ओखला विहार मेट्रो थाना पुलिस ने IPC की धारा 354(A) के तहत FIR दर्ज की और जांच शुरू की थी.

पुलिस ने आरोपी को कैसे पकड़ा?

आजतक से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि उनकी कोशिश थी कि पहले आरोपी की पहचान की जाए. इसके लिए उसके रूट के बारे में पता लगना जरूरी था, ताकि उसे पकड़ा जा सके. इसके लिए पुलिस ने सबसे पहले लिफ्ट की सीसीटीवी फुटेज बरामद की. इसके बाद मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट का सीसीटीवी फुटेज भी निकाला गया. पुलिस ने इसके बाद ये पता करने की कोशिश की कि आरोपी कहां से कहां की यात्रा करता था. पुलिस ने ये भी पता लगाने की कोशिश की कि क्या आरोपी मेट्रो में रूटीन के तहत आता था, यानी रेगुलर ट्रेवल करता था या कभी-कभार वह मेट्रो से यात्रा करता है.

इसके बाद पुलिस ने मेट्रो स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी खंगाले. आसपास के मॉल, मेट्रो स्टेशन, दुकान, मेट्रो की पार्किंग समेत कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की. करीब 100 से ज्यादा कैमरों की जांच के बाद दिल्ली पुलिस को आरोपी के कुछ फुटेज मिले. इसके बाद ही आरोपी की पहचान हो सकी. पुलिस ने वारदात से लेकर आरोपी के तमाम रास्तों की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सबूत के तौर पर संभाल कर रखी. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू हुई.  

14 अप्रैल को दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी जसोला अपोलो मेट्रो स्टेशन की तरफ आ रहा है. पुलिस ने फौरन हर एंट्री पर उसके लिए ट्रैप लगा दिया. जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया. 

कौन है आरोपी? 

पुलिस के मुताबिक, पकड़ में आए आरोपी का नाम राजेश है. 26 साल का राजेश एक अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करता है और बारहवीं पास है. जांच में ये भी पता चला कि इसके पहले राजेश के खिलाफ कहीं कोई मामला दर्ज नहीं है. पुलिस मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है. राजेश मदनपुर खादर में रहता है.

वीडियो: अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले शूटर्स ने क्या प्लान बनाया था?

Advertisement

Advertisement

()