रील्स बनाने के लिए मोबाइल चाहिए था, नाबालिग ने महिला को गले पर चाकू मारकर छीन लिया!
पुलिस एक महीने से ज्यादा समय तक आरोपी की तलाश में लगी रही. 15 साल का लड़का निकला.

जून महीने की पहली तारीख. दिल्ली (Delhi) के साकेत इलाके में एक महिला रात करीब साढ़े 8 बजे पैदल अपने घर की तरफ जा रही थी. इस दौरान पीछे से किसी ने महिला के गले पर धारदार चीज से वार कर दिया और महिला का मोबाइल लेकर फरार हो गया था. घायल महिला को वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार व्यक्ति ने पास के एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया था. पुलिस महिला पर हमले की जांच में जुटी थी और हमलावर की तलाश कर रही थी.
हमला करने वाला आरोपी 15 साल का लड़का निकलाआजतक के हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने जब मामले की जांच करते हुए आरोपी को पकड़ा, तो वो एक 15 साल का लड़का निकला. नाबालिग ने महिला के गले पर चाकू से सिर्फ इसलिए वार किया था क्योंकि उसे रील बनाने के लिए एक मोबाइल चाहिए था. और उसका मोबाइल कुछ दिन पहले खो गया था. ये बातें नाबालिग ने पुलिस की पूछताछ में कबूल की हैं.
आरोपी को पुलिस ने उसके जूते के लोगो से पकड़ाजून में महिला पर हमले के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की थी और इस मामले की जांच स्पेशल स्टाफ को सौंप दी थी. हमलावर की पहचान के लिए करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. फुटेज में पीड़ित महिला के पीछे एक लड़का मुंह पर मास्क लगाकर चलता नज़र आया था. फुटेज में हमलावर का चेहरा नहीं दिख रहा था, लेकिन उसके जूते पर बना लोगो नज़र आ रहा था. रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया, जो 15 साल का लड़का निकला.
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे सेल्फी लेने का और रील बनाने का शौक था और उसका फोन खो गया था. इसलिए उसने मोबाइल लूटने की साजिश रची थी.
वीडियो- PUBG मर्डर केस में अब पता चला, नाबालिग ने लाश ठिकाने के लिए दोस्त को क्या धमदी दी?

