खराब होती जा रही NCR की हवा, कई तरह की पाबंदियां लागू, क्या 5वीं तक के स्कूल ऑनलाइन चलेंगे?
खराब होती एयर क्वालिटी को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने कुछ निर्देश जारी किए हैं. जानिए किन कामों पर पाबंदी लगाई गई है.

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण (Air Pollution) के बढ़ते स्तर को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने कई निर्देश दिए हैं. NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच चुका है. इसके मद्देनजर ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज III की पाबंदियों को लागू कर दिया गया है.
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने NCR और आसपास के क्षेत्रों में हवा की क्वालिटी पर 2 नवंबर को मीटिंग की. इसमें GRAP के स्टेज III को लागू करने का फैसला किया गया. ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज III की पाबंदियां तब लगाई जाती हैं, जब एयर क्वालिटी इंडेक्स 400-450 के बीच आ जाए.
GRAP III की क्या पाबंदियां हैं?
प्रदूषण के अलग-अलग स्तर के मद्देनजर कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं. इसमें ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के चार चरण हैं, GRAP I, GRAP II, GRAP III और GRAP IV. ये अलग-अलग चरण हैं जिसके आधार पर कितनी पाबंदी प्रदूषण के मद्देनजर लगाई जाएगी, ये तय होता है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जब 201-300 के बीच रहे तब GRAP का स्टेज I, 301-400 के बीच GRAP का स्टेज II, 401 से 450 के बीच GRAP का स्टेज III और 450 से ज्यादा AQI पर GRAP का स्टेज IV लागू होता है.
2 नवंबर को कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने GRAP का स्टेज III लागू किए जाने की जानकारी दी. CAQM की ओर से कहा गया कि ऐसा एयर क्वालिटी में गिरावट को रोकने की कोशिश के लिए किया जा रहा है. ये भी बताया गया कि GRAP का स्टेज I और II पहले ही लागू किया जा चुका है.
एयर क्वालिटी के लिए NCR में कई तरह की गतिविधियों पर पाबंदी लगाई गई है. जैसे,
- कंस्ट्रक्शन के कामों से उड़ने वाली धूल और उससे जुड़े काम
- बोरिंग, ड्रिलिंग, वेल्डिंग
- BS III की पेट्रोल और BS IV की डीजल कारों पर रोक
- पाइलिंग, पेंटिंग जैसे काम
- रोड कंस्ट्रक्शन, पाथवे वगैरह का निर्माण
- कच्ची सड़कें जहां धूल ज्यादा उड़ती है, वहां गाड़ियों की आवाजाही सीमित करना
- कंस्ट्रक्शन के सामानों की लोडिंग, अनलोडिंग
इसके अलावा अगर सरकार चाहे तो 5वीं क्लास तक के बच्चों के लिए स्कूल जाने की बजाए ऑनलाइन क्लास कराने का फैसला ले सकती है. बता दें कि पूरे NCR में सबसे खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स नॉलेज पार्क- ग्रेटर नोएडा का रहा. यहां 2 नवंबर की शाम AQI 795 दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: बढ़ते प्रदूषण में भी शहर में रहने को मजबूर हैं तो ये टिप्स बहुत काम आएंगी
वीडियो: सेहत: वायु प्रदूषण बढ़ने से अस्थमा, एलर्जी शुरू? इस बार ये टिप्स आपको बचाएंगी

