एचडी में रील बनानी थी जिस घर में काम करती थी, वहीं लाखों के जेवर चुरा लिए
Dwarka Delhi Theft Case: पुलिस ने नीतू को फोन करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था. आगे की जांच में पता चला कि नीतू ने अपना जो एड्रेस दिया था वो भी नकली है.

दिल्ली के द्वारका इलाके में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है. आरोप है कि घर पर काम करने वाली हाउस हेल्प ही लाखों के सोने-चांदी वाले जेवर चुरा ले गई (House Help Theft DSLR). उसे पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. पूछताछ के दौरान जब उससे चोरी की वजह पूछी गई तो आरोपी महिला का जवाब सुनकर सब हैरान रह गए. बोली- अच्छी क्वालिटी वाली रील-वीडियो बनाने के लिए DSLR कैमरा खरीदना था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम नीतू यादव है. उम्र 30 साल. वो राजस्थान के बहरोड़ गांव की रहने वाली है.
मामला द्वारका के सेक्टर 12 का है. यहां रहने वाले प्रशांत राणा ने 15 जुलाई को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. बताया कि उनके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं. उन्होंने शक जताया कि चोरी के पीछे उनकी हाउस हेल्प नीतू का हाथ हो सकता है. नीतू ने चोरी से चार दिन पहले की वहां काम करना शुरू किया था.
मामले में कार्रवाई करते हुए पहले पुलिस ने नीतू को फोन करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था. आगे की जांच में पता चला कि नीतू ने अपना जो एड्रेस दिया था वो भी फर्जी है. फिर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से बात की. इसके बाद नीतू की लोकेशन ट्रेस कर ली गई. नीतू जेवर वाला बैग लेकर दिल्ली से निकलने की कोशिश में थी तभी पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, द्वारका के DCP अंकित सिंह ने बताया,
सीसीटीवी से उस रिक्शा चालक का पता चला जिसने नीतू को चोरी वाले दिन घर छोड़ा था. वही पुलिस को नीतू के घर ले गया. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वो दिल्ली छोड़ने के लिए अपना बैग पैक कर रही थी.
पूछताछ के दौरान नीतू ने बताया कि उसका पति नशे का आदी था और उसे पीटता था. इस वजह से वो राजस्थान से दिल्ली आकर लोगों के घर पर हाउस हेल्प के तौर पर काम करने लगी. इस दौरान वो इंस्टाग्राम रील और यूट्यूब वीडियो भी बनाने लगी. तभी किसी ने उसे अच्छी क्वालिटी के वीडियो बनाने के लिए DSLR खरीदने की सलाह दी.
नीतू ने बताया कि कैमरा खरीदने के लिए पहले उसने अपने रिश्तेदारों से कर्जा मांगा लेकिन किसी ने मदद नहीं की. पुलिस के मुताबिक, पैसे ना मिलने पर नीतू ने चोरी का प्लान बनाया और 14 जुलाई को प्रशांत के घर से जेवर चुरा लिए.
ये भी पढ़ें- गमछा ओढ़कर आया था चोर, चोरी के बाद तसल्ली से आइसक्रीम और चॉकलेट खाई, फिर भागा
पुलिस ने चोरी हुए जेवर बरामद कर लिए हैं. उसमें सोने की दो कंगन, चांदी की चेन और चांदी की पायल शामिल है. द्वारका उत्तर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 305 (चोरी) के तहत एक FIR दर्ज की गई है.
वीडियो: कानपुर पुलिस ने शव से जेवरात चुराए, फिर चोरी की कार चलाते हुए पकड़े गए

